सांसद ने हॉकी खेल कर खिलाड़ियों में भरा जोश, छाया उत्साह
Deoria News - देवरिया में ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले दिन, देवरिया ने बुलंदशहर को 6-0 से हराया। अन्य मैचों में अलीगढ़ ने आजमगढ़ को 3-1 और कुशीनगर ने भी बुलंदशहर को 5-0 से...

देवरिया, निज संवाददाता। ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को रविन्द्र किशोर शाही स्पोटर्स स्टेडियम में हुआ। इसमें प्रदेश भर से आई महिला खिलाड़ियों की 10 टीम प्रतिभाग कर रही हैं। उद्घाटन मैच देवरिया व बुलंदशहर के बीच खेला गया। इसमें देवरिया 6-0 से विजयी रही।
मुख्य अतिथि सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि ओलंपियन संजीव सिंह, जिला ओलंपिक संघ के महासचिव अजय जायसवाल, हॉकी देवरिया के सचिव मो अकरम सिद्दिकी ने गुब्बारा छोड़कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। मैच का शुभारंभ सदर सांसद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इसके बाद सदर सांसद ने हॉकी खेलकर खिलाड़ियों में जोश भरा। इससे स्टेडियम में उत्साह छाया रहा। मुख्य अतिथि ने कहाकि खेल से शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास होता है। उन्होंने कहाकि खेल को विकसित करने के लिये और अधिक प्रयास किया जा रहा है। संजीव सिंह की तीरंदाजी एकेडमी आने वाले दिनों में जिले को ओलंपिक में पदक जरुरी दिलाएगी। हमारे खिलाड़ी अन्य खेलों में भी पदक दिलाने की स्थिति में होंगे। इसके लिए अच्छे प्रशिक्षकों के माध्यम से प्रशिक्षण का अवसर उपलब्ध कराया जायेगा। स्टेडियम परिसर में ताइक्वांडो खेल में सेंसर सेट व कुश्ती हाल का जीर्णोद्वार कराया जाएगा। भविष्य में योजना बनाकर खेल गतिविधियों को और विकसित किया जायेगा। इस अवसर पर प्रशिक्षक गिरीश चन्द्र सिंह, दिवाकर मणि त्रिपाठी, अवधेश यादव, अशोक कुमार सिंह, शकील अहमद, विकास मिश्र, फिजियो डॉ. डीके पांडेय, रामजनम यादव, लालू सिंह यादव,अवधेश यादव, विजय कुमार पाल, प्रवीन कुमार, पूजा सिंह, यश जायसवाल, आशीष सिन्हा, नागेन्द्र त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।
देवरिया की टीम ने जीता पहले दिन के दोनो मैच
पहला मैच देवरिया बनाम बुलंदशहर के बीच खेला गया। इसमें देवरिया ने 6-0 से स्कोर से जीत हासिल किया। देवरिया की ओर से लकी ने दूसरे मिनट और आठवें मिनट में दो गोल, रांची ने 10वें मिनट में एक गोल, मानसी ने 14वें मिनट में एक गोल और विभा ने 48वें मिनट में एक गोल करके देवरिया को बढ़त दिला दिया। विपक्षी बुलंदशहर की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। इस मैच की प्लेयर ऑफ द मैच लकी रही।
दूसरा मैच अलीगढ़ और आजमगढ़ की टीम के बीच खेला गया। इसमें अलीगढ़ ने आजमगढ़ को 3-1 स्कोर से हराया। अलीगढ़ की ओर से 6वें व 48 वें मिनट में बिपाशा ने दो गोल किया। 46वें मिनट में शीतल ने एक गोल किया। आजमगढ़ की ओर से मात्र 29वें मिनट में सुरभि ने मात्र एक गोल किया। इस मैच की प्लेयर ऑफ द मैच बिपाशा रही।
तीसरा मैच कुशीनगर और बुलंदशहर के बीच खेला गया। इसमें कुशीनगर की टीम ने बुलदंशहर को 5-0 के स्कोर से हराया। कुशीनगर की ओर से कृतिका ने 13वें मिनट, काजल ने 16वें मिनट, नैन्सी ने 32वें मिनट, काजल ने 35वें व 40वें मिनट में गोल किया। इस मैच की प्लेयर ऑफ द मैच काजल रही।
चौथा मैच देवरिया और आजमगढ़ के बीच खेला गया। इसमें देवरिया की टीम ने आजमगढ़ की टीम को 9-0 के स्कोर से हराया। 5वें, 11वें, 13वें मिनट में लकी ने तीन गोल किया। 17वें, 19वें, 25वें मिनट में विभा ने तीन गोल किया। 32वें, 35वें मिनट में प्रीति पाठक ने दो गोल किया। 40वें मिनट में एक गोल करके देवरिया को जीत दिलायी। इस मैच की प्लेयर ऑफ द मैच आजमगढ़ की तरफ से मिड फिल्ड खिलाड़ी आस्था को दिया गया।
पांचवा मैच अलीगढ़ और कुशीनगर के बीच खेला गया। इसमें अलीगढ़ ने कुशीनगर को 1-0 के स्कोर से हराया। अलीगढ़ की ओर से 46वें मिनट में स्वाति ने एक गोल कर अलीगढ़ की टीम को जीत दिलायी। इस मैच की प्लेयर आफ द मैच स्वाति रही।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।