मेदीपट्टी में उपेंद्र, सोहनपुर में संगीता व शहबाजपुर में यशोदा बने प्रधान
Deoria News - देवरिया, निज संवाददाता। जिले के पथरदेवा विकास खंड के ग्राम पंचायत मेंदीपट्टी, रामपुर कारखाना

देवरिया, निज संवाददाता। जिले के पथरदेवा विकास खंड के ग्राम पंचायत मेंदीपट्टी, रामपुर कारखाना के शाहबाजपुर व बनकटा विकास खण्ड के सोहनपुर में ग्राम प्रधान के हुए उप चुनाव के मतगणना का परिणाम शुक्रवार को घोषित हो गया। जिसमें मेदीपट्टी में उपेंद्र श्रीवास्तव, सोहनपुर में संगीता व शहबाजपुर में यशोदा ग्राम प्रधान निर्वाचित हुई। मतगणना को लेकर विकास खण्ड के बाहर गहमा गहमी रही।
तीनों विकास खंड मुख्यालयों पर कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 8 बजे मतगणना शुरु हुई। दोपहर तक मतगणना का परिणाम घोषित हो गया। पथरदेवा संवाद के अनुसार विकास खंड के ग्राम पंचायत मेदीपट्टी में हुए ग्राम प्रधान पद के लिए उप चुनाव में कुल 1079 वोट पोल हुए जिसमें उपेंद्र श्रीवास्तव को कुल 600 व उनके निकटतम प्रतिद्वन्दी पंकज राय को 467 मत मिले। इस प्रकार उपेंद्र 133 मतों से विजयी हुए। जबकि 12 मत अवैध पाए गए।
रिटर्निंग अधिकारी संदीप कुमार मौर्य ने उपेंद्र श्रीवास्तव जीत का प्रमाण पत्र मिला। बता दें कि उपेंद्र श्रीवास्तव स्व. गिरिजा लाल श्रीवास्तव के बेटे हैं। गिरिजा लाल के निधन से ही यह सीट रिक्त हुई थी। बनकटा संवाद के अनुसार विकास खंड के ग्राम पंचायत सोहनपुर में ग्राम प्रधान पद के हुए उपचुनाव की मतगणना के बाद संगीता पांडेय ने 911 मतों से चुनाव जीत लिया। दूसरे नंबर पर रेनू रही। उन्हें कुल 921 मत मिले और संगीता को 1832 मत मिले।
बीडीओ बनकटा राजीव गुप्ता ने बताया कि सोहनपुर में हुए उपचुनाव में कुल 6 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। आरती को 32 मत, पुष्पा को 97 मत, मुन्नी को 673 मत, राजकुमारी को 39 मत, रेनू को 921 तथा संगीता को 1832 मत मिले। कुल मत पड़े 3688 जिसमें 94 मत अवैध घोषित किए गए। बीडीओ राजीव गुप्ता ने विजयी प्रत्याशी संगीता को प्रमाण पत्र प्रदान किया। रामपुर कारखाना संवाद के अनुसार विकास खंड के शहबाजपुर मे पूर्व जिला पंचायत सदस्य यशोदा देवी ने प्रतिद्वंदी मीना को 257 वोट से हराकर प्रधान पद पर कब्जा कर लिया। निवर्तमान प्रधान गायत्री देवी पत्नी रमेश सिंह के निधन पर उपचुनाव कराया गया। महज दो प्रत्याशी होने से गांव में मतदान को लेकर काफी गहमागहमी थी।
शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालय पर मतगणना शुरू हुई। सुरक्षा के मद्देनजर प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह, दरोगा जयसिंह यादव, अभिषेक यादव समेत दर्जनों पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। मतगणना की शुरुआत से ही पूर्व जिला पंचायत सदस्य रही यशोदा देवी पत्नी मुन्ना यादव ने बढ़त बना ली। यशोदा को 809 और उनकी प्रतिद्वंद्वी मीना देवी को 552 वोट मिले। जबकि 24 मत अवैध घोषित हो गए। मतगणना समाप्ति तक यशोदा ने 257 मतों से प्रधान पद पर कब्जा कर लिया। यशोदा के प्रधान पद जीतने की जानकारी मिलते ही उनके समर्थकों का हजूम ब्लॉक गेट के बाहर जुट गया। सपा नेता इकबाल अहमद, कोटेदार संजीव गौतम, संदीप यादव, सिद्दीक अंसारी, आफताब आलम, प्रेमचंद, पूर्व प्रधान हीरा आदि ने अबीर गुलाल उड़ाकर खुशी जाहिर किया।
मेंदीपट्टी व सोहनपुर में भी विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने अबीर गुलाल उड़ाकर व अपने प्रत्याशी की जीत पर माला पहनाकर स्वागत किया। जिले की 4 ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान का पद रिक्त चल रहा था जिन में सोहनपुर विकासखंड के प्रताप छापर में चुनाव से पूर्व ही कृष्ण कांत सिंह निर्विरोध ग्राम प्रधान चुन लिए गए थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।