Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़Congress state president Ajay Rai trapped after protesting in Adani case double case registered for breaking prohibit

अडानी मामले में प्रदर्शन कर फंसे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, निषेधाज्ञा तोड़ने में डबल केस दर्ज

  • हिडनबर्ग की रिपोर्ट और अडानी को लेकर गुरुवार को लखनऊ में कांग्रेस के प्रदर्शन की अगुवाई करने वाले प्रदेश अध्यक्ष अजय राय फंस गए हैं। लखनऊ के दो थानों में अजय राय समेत दर्जनों कांग्रेसियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

Yogesh Yadav हिन्दुस्तान, लखनऊ संवाददाताFri, 23 Aug 2024 05:36 PM
share Share

हिडनबर्ग की रिपोर्ट और अडानी को लेकर गुरुवार को लखनऊ में कांग्रेस के प्रदर्शन की अगुवाई करने वाले प्रदेश अध्यक्ष अजय राय फंस गए हैं। लखनऊ के दो थानों में अजय राय समेत दर्जनों कांग्रेसियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की अगुआई में गुरुवार को हजरतगंज में राजभवन गेट-दो के पास पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। इस पर कांग्रेस नेता और उनके समर्थक उग्र होकर हंगामा करने लगे। शहर में निषेधाज्ञा प्रभावी है। इस बात की जानकारी होने के बाद भी बिना अनुमति के प्रदर्शन करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई। इस आरोप में हजरतगंज कोतवाली में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत करीब 100 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। वहीं, गौतमपल्ली कोतवाली में भी प्रदेश अध्यक्ष समेत 150 पर केस दर्ज किया गया है।

दरअसल, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को ईडी कार्यालय का घेराव करने के लिए राजधानी लखनऊ के माल एवेन्यू स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से कूच किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में प्रदर्शन करने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने व्रिक्रमादित्य मार्ग चौराहे के पास बलपूर्वक रोंकने का प्रयास किया लेकिन प्रदर्शनकारी अवरोधों को निष्फल कर आगे बढ़ने लगे इस पर पुलिस ने मामूली बल प्रयोग कर उन्हें वहीं रोक दिया।

इस पर सभी कांग्रेसी मौके पर ही धरने पर बैठ गए। इससे आसपास के क्षेत्रों में भी आवागमन बाधित हो गया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने उन सबको गिरफ्तार कर ईको गार्डन भेज दिया। देर शाम सभी को छोड़ भी दिया गया। इससे पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, प्रदेश महासचिव मुकेश सिंह चौहान, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी और शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी आदि ने कहा कि सरकार जब तक हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को लेकर जेपीसी का गठन नहीं करती तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा। 

यह भी कहा कि वे सभी कांग्रेस पार्टी एवं राहुल गांधी के सिपाही हैं जो न सहमते हैं और न डरते हैं। वे सभी पूरी ताकत के साथ भाजपा सरकार के खिलाफ पूरी मजबूती के साथ लड़ेंगे और न्याय मिलने तक संघर्ष करते रहेंगे।

चौकी प्रभारी हजरतगंज राहुल कुमार सिंह के मुताबिक प्रदर्शन के कारण यातायात में व्यवधान पड़ा। जिसके कारण स्कूल से घर लौट रहे बच्चे भी काफी देर तक फंसे रहे। प्रदर्शनकारियों को पुलिस अधिकारियों ने कई बार समझाने का प्रयास किया था। लेकिन वह लोग टस से मस नहीं हुए। आरोप है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने के साथ ही मुख्य मार्ग को भी बाधित किया गया। 

दरोगा राहुल कुमार ने मुकदमे में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के साथ पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, सांसद तनुज पूनिया, राष्ट्रीय महासचिव धीरज गुर्जर, कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, पूर्व विधायक अखिलेश प्रताप सिंह, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद पाण्डेय, एनएसयूआई के अनस रहमान, प्रशासन प्रभारी दिनेश सिंह, संगठन सचिव अनिल यादव, पूर्व नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान, युवा कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अंकित तिवारी, सेवा दल मध्य के पूर्व अध्यक्ष राजेश काली, अध्यक्ष दक्षिणी डॉ. शहजाद आलम और अमित को भी नामजद कराया है। 

इनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, लोकसेवक के आदेश का उल्लंघन करने और 7 सीएल एक्ट के तहर रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, गौतमपल्ली कोतवाली में एसआई रमेश चंद्र पाण्डेय ने अजय राय समेत 150 पर लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें