Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़CM Yogi said beti par buri nazar dali to kar denge haal behaal I will separate hands and leag

बेटी पर बुरी नजर डाली तो हाथ अलग, पैर अलग कर देंगे, सीएम योगी बोले, चौराहे पर जुलूस भी निकालेंगे

योगी ने कहा कि राह चलती बेटी पर हाथ डालने का प्रयास किया तो उसके हाथ अलग होंगे, पैर अलग होंगे। बेटियों पर बुरी नजर डालने वाले लोग बख्शे नहीं जाएंगे। उनका चौराहों पर जुलूस निकलवाएंगे।

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तानWed, 4 Sep 2024 03:21 PM
share Share

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मनचलों को चेतावनी देते हुये कहा कि किसी ने भी बेटी पर गंदी नजर डाली तो वह अपने पैरों पर नहीं चल सकेगा। राह चलती बेटी पर हाथ डालने का प्रयास किया तो उसके हाथ अलग होंगे, पैर अलग होंगे। बेटियों पर बुरी नजर डालने वाले लोग बख्शे नहीं जाएंगे। उनका चौराहों पर जुलूस निकलवाएंगे। उन्होंने कहा कि हम सभी को सुरक्षा और सम्मान और प्रदान करने को कटिबद्ध है। अपराधियों को किसी भी रूप में बख्शेगें नहीं। सीएम योगी प्रयागराज में मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर फूलपुर स्थित इफको में आयोजित स्वामी विवेकानंनद युवा सशक्तीकरण रोजगार एवं ऋण वितरण मेला में लोगों को सम्बोधित कर रहे थे।

योगी ने करीब 650 करोड़ रूपए की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। रोजगार मेले में करीब 90 कंपनियां आई थी। उन्होने10 हजार छात्र-छात्राओं को लैपटाप एवं स्मार्ट फोन का भी वितरण किया। योगी ने मंच से कुछ छात्र और छात्राओं को अपने हाथ से लैपटॉप और समार्ट फोन दिया। उन्होंने कहा कि हर बेटी को सुरक्षा प्रदान करना सरकार का दायित्व है। हर व्यापारी को सुरक्षा प्रदान करने का कार्य सरकार करेगी।

योगी ने कहा कि मैंने पहले ही कहा था कि माफिया अगर सिर उठाने का काम करेगा तो उसे मिट्टी में मिलाने का काम करेंगे। यही कहने के लिए आया हूं कि जो बड़ी बड़ी घोषणा कर रहे हैं, ये वो लोग हैं, जो माफिया के सामने कभी नाक रगड़ते थे। दंगाइयों के सामने नाक रगड़ते थे।

अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि बुलडोजर चलाने के लिए हम्मित चाहिए। ये दंगाइयों और माफियाओं के सामने नाक रगड़ने वाले क्या बुलडोजर चलाएंगे। इन्हें बुलडोजर देखते ही हार्ट अटैक आ जाएगा। योगी ने कहा कि हमने पहले भी लोगों से कहा था कि अपराध और अपराधियों को बख्शेंगे नहीं। जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करेंगे। हम सुरक्षा और सम्मान सबको देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्हीं माफियाओं ने राजू पाल की हत्या की थी। राजू पाल एक गरीब परिवार से थे। विधायक बने थे। लेकिन, किस निर्ममता के साथ उनकी हत्या हो गई थी। उस समय इन्हें याद नहीं आ रहा था। इन्हें अपनी कुर्सी की चिंता थी। राजू पाल जैसे गरीब मारे जाते हैं। उमेश पाल जैसे लोग मारे जाते हैं। ये जो जाति-जाति के नाम पर लड़ाने वाले लोग हैं। आज जो तमाम प्रकार की बात कर रहे हैं। तमाम प्रकार की घोषणा कर अपने मनबढ़ई में करने का फिर से दुस्साहस कर रहे हैं। ये वही लोग हैं, जो टीपू सुल्तान बनने का ख्वाब फिर से देख रहे हैं। यही टीपू थे जो माफिया के सामने नाक रगड़कर आपके सामने पहचान का संकट खड़ा करते थे। इन माफियाओं को गले का हार बनाकर रखते थे।

योगी ने कहा हमारी सरकार में दंगे नहीं हुए हैं। पहले महीनों-महीनों तक दंगे होते थे। हमारी सरकार में साढ़े सात सालों में कोई दंगा हुआ है। पहले बड़े-बड़े दंगे होते थे। अब कोई दंगा कर पाएगा क्या। दंगे करने की कीमत क्या होती है, जब उनके पोस्टर लगे, सात पीढ़ियों तक वसूली की जाएगी। अब दंगाई दंगा करना भूल गए हैं। ये माफिया समाज के कोढ़ हैं। जब तक आप इन्हें निकालकर बाहर नहीं करेंगे, तब तक ये लोग वर्तमान और भवष्यि दोनों खराब करने का काम करते रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नौजवानों के साथ जो खिलवाड़ करेगा। उसे जेल भिजवा देंगे। हमने प्रयागराज में माफिया की जमीन को कब्जा मुक्त करा गरीबों के लिए आवास बनवाए हैं। हम समाज के अलग-अलग तबके के लिए सुविधा उपलब्ध कराएंगे। कार्य करने का एक जज्बा होना चाहिए। उन्होंने कहा अच्छा काम करते हैं तो व्यक्ति को सम्मान मिलता है। हमारे शहर- जनपद का नाम रोशन होता है। नई पहचान मिलती है। आप कहीं जाएंगे, कहेंगे कि प्रयागराज और फूलपुर से हूं। तो लोग आपको सम्मान देंगे। 2017 से पहले क्या यह सम्मान मिलता था क्या।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें