Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़CM Yogi s big announcement for the youth instructions for immediate appointment on 8700 posts including lekhpal

सीएम योगी की युवाओं के लिए बड़ी घोषणा, लेखपाल समेत 8700 इन पदों पर तत्काल नियुक्ति का निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं की भर्ती के लिए बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि राजस्व विभाग में लेखपाल, राजस्व निरीक्षक और नायब तहसीलदार के साथ-साथ लिपिकीय संवर्ग के करीब 8700 से ज्यादा रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्ति की जाए।

Yogesh Yadav हिन्दुस्तान, लखनऊFri, 13 Sep 2024 04:16 PM
share Share

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं की भर्ती के लिए बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि राजस्व विभाग में लेखपाल, राजस्व निरीक्षक और नायब तहसीलदार के साथ-साथ लिपिकीय संवर्ग के करीब 8700 से ज्यादा रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्ति की जाए। उन्होंने इसके लिए तुरंत प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में लेखपालों के करीब 7700, राजस्व निरीक्षक के 700 और नायब तहसीलदारों के 300 पद खाली है।

इसके अलावा, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक जैसे पदों के लिए जहां पदोन्नति लंबित है, वहां तत्काल प्रक्रिया पूरी की जाए। साथ ही मुख्यमंत्री ने राजस्व परिषद के अंतर्गत बन्दोबस्त आयुक्त (ग्रामीण) बन्दोबस्त आयुक्त (नगरीय) और निदेशक प्रशिक्षण का नवीन पद सृजित करने की भी जरूरत बताई। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय बैठक में राजस्व विभाग के कामकाज और उपलब्ध मानव संसाधन की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि राजस्व विभाग सीधे तौर पर आम आदमी से जुड़ा हुआ है। आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों से लेकर पैमाइश, नामांकन, घरौनी, खतौनी, सर्वे, पट्टा सहित ढेरों महत्वपूर्ण प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण हो सके, इसके लिए न केवल विभाग के रिक्त पदों पर नई नियुक्तियों की जरूरत है, बल्कि आवश्यकतानुसार नवीन पदों का सृजन किया जाए।

तकनीक का होगा प्रयोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व विभाग और राजस्व परिषद में काम के बदलते स्वरूप और अधिकता को देखते हुए दक्ष युवाओं की तैनाती की जानी चाहिए। नवीनतम तकनीकों को अपनाने के लिए तहसील, जिला, मंडल और राजस्व परिषद में आईटी में दक्ष लोगों की तैनाती की जानी चाहिए।

मिलेगा फील्ड विजिट भत्ता

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता के कार्यों में राजस्व विभाग के कार्मिकों को प्रायः फील्ड विजिट करना पड़ता है। ऐसे में यह उचित होगा कि लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों को वाहन भत्ता दिया जाना चाहिए। इसी तरह नायब तहसीलदार की कार्यक्षमता में बढ़ोतरी के लिए उन्हें चार पहिया वाहन की उपलब्धता कराई जाए। साथ ही, जीपीएस से संबंधित कार्यों के बेहतर संपादन के लिए लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों को नए टैबलेट भी उपलब्ध कराए जाएं।

राजा टोडरमल भूलेख संस्थान को किया जाएगा बेहतर

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े कार्यों को समयबद्धता के साथ मेरिट के आधार पर निस्तारित किया जाए, अनावश्यक कहीं भी कोई प्रकरण लंबित न रहे। राजस्व कार्मिकों के प्रशिक्षण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने राजा टोडरमल सर्वेक्षण भूलेख प्रशिक्षण संस्थान, हरदोई में आधारभूत अवसंरचना को और बेहतर करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद विभाग स्तर पर प्रस्ताव तैयार कर अग्रेतर कार्यवाही की जाएगी। बैठक में मुख्य सचिव, अध्यक्ष राजस्व परिषद, प्रमुख सचिव राजस्व सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें