Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़CM Yogi bluntly property of those who commit irregularities in police recruitment will be confiscated

पुलिस भर्ती में गड़बड़ी करने वालों की संपत्ति कुर्क कर गरीबों में बांट देंगे, सीएम योगी की दो टूक

  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पुलिस भर्ती में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी ने नौजवानों के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश की उसकी संपत्ति कुर्क कर गरीबों में बांट दी जाएगी।

Yogesh Yadav हिन्दुस्तानThu, 22 Aug 2024 02:35 PM
share Share

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पुलिस भर्ती में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नौजवानों की योग्यता पर सवाल और परीक्षा से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। यदि किसी ने नौजवानों के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश की उसकी संपत्ति कुर्क कर गरीबों में बांट दी जाएगी। ऐसे लोगों की संपत्ति पर बुलडोजर भी चलेगा। मुजफ्फरनगर में वृह्द रोजगार मेले में मुख्यमंत्री ने कहाकि अगले दो वर्षों में दो लाख युवाओं को नौकरी दी जाएगी। इसकी शुरुआत 60 हजार पुलिस भर्ती से हो रही है।

महिला अपराधों पर लगाएं शत-प्रतिशत अंकुश

गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने एक दिवसीय दौरे पर सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में थे। सुबह सहारनपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने सबसे पहले पुलिस लाइन सभागार में जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की फिर सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अफसरों को महिला अपराधों पर शत-प्रतिशत अंकुश लगाने और कोर्ट में बेहतर पैरवी से कठोर सजा दिलाने के आदेश दिए। उन्होंने कहाकि भीड़ भाड़ वाले इलाकों में सादी वर्दी में भी फोर्स लगाएं।

हम कर रहे विकास, वो दे रहे नवा ब्रांड

मुजफ्फरनगर के जानसठ क्षेत्र में स्थित बीईटी परिसर में में रोजगार मेले को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहाकि उत्तर प्रदेश में अब पलायन नही, उद्योग लगते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश को तोड़ने और बांटने की साजिश रच रहे हैं जिसे किसी कीमत पर पूरा नहीं होने दिया जाएगा। अखिलेश पर तंज कसते हुए उन्होंने कहाकि भारत दुनिया की ताकत बन रहा है, जबकि अखिलेश यादव प्रदेश को नबाब ब्रांड दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने 157.78 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास और 158.14 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया।

काफिला रुकवाकर लिए ज्ञापन

सहारनपुर में मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर लौट रहे थे। सड़क किनारे खड़े फरियादियों ने अपने शिकायती पत्र हवा में लहराने शुरू कर दिये। इसे देख मुख्यमंत्री ने अपना काफिला रुकवाया और साथ बैठे राज्यमंत्री बृजेश सिंह को भेजकर सभी के शिकायती पत्र मंगवा कर समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया।

सीएम की बैठक में छलका भाजपाइयों का दर्द, नहीं सुनते अधिकारी

सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हुई बैठक में भाजपा नेताओं का दर्द छलक गया। जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि पुलिस और प्रशासन में उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। अधिकारी काम नहीं सुनते और कुछ अधिकारी तो फोन तक नहीं उठाते। इस पर सीएम ने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान होगा। कार्यकर्ता जनता की मदद करें और उनके कार्य कराए। प्रत्येक कार्यकर्ता की सुनवाई की जाएगी।

गुरुवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर का दौरा किया। सीएम ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ वार्ता की। करीब डेढ़ घंटे तक चली लंबी बैठक में सीएम ने एक एक पदाधिकारी से बात की और उनकी समस्याएं सुनी। बैठक में ज्यादातर जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों ने एक ही शिकायत की। 

पदाधिकारियों ने अपने अपने क्षेत्र की समस्याएं बताई और साथ ही कहा कि प्रशासन में उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस पर सीएम ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की हर स्तर पर सुनवाई होगी। इसके लिए अधिकारियों को उन्होंने सख्त निर्देश भी दिए।

आपस में समन्वय बनाकर काम करें सभी जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी

सीएम योगी आदित्यनाथ ने पार्टी के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों को आपस में समन्वय बनाकर काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का हर हाल में निस्तारण कराया जाए। संगठन स्तर पर चलने वाले सदस्यता अभियान में पूरी मेहनत और लगने से काम करना है। अभी से ही कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ आगामी चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें