धूलभरी आंधी संग बारिश, हवा में उड़े होर्डिंग्स, टूटे पेड़
Bulandsehar News - मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। शुक्रवार को तेज गर्मी के बाद शाम को बारिश से राहत मिली, लेकिन धूलभरी आंधी ने परेशानी बढ़ा दी। कई जगह पेड़ टूटे और होर्डिंग्स उड़ गए। बागवानी किसानों को नुकसान हुआ है।...

मौसम में रोजाना बदलाव देखने को मिल रहा है। अब शुक्रवार को दोपहर तक तपिश से झुलसने के बाद शाम को गर्मी से राहत मिली। आसमान में काले बादल छाए रहने और गड़गड़ाहट के साथ धूलभरी आंधी शुरु हो गई। तेज आंधी के चलते होर्डिंग्स बोर्ड हवा में उड़ गए। वहीं कई स्थानों पर पेड़ टूटकर गिर गए। वहीं झमाझम बारिश ने गर्मी से राहत तो दिलाई, लेकिन बागवानी किसानों को फिर नुकसान झेलना पड़ा। न्यूनतम तापमान 26 और अधिकतम 41 डिग्री सेल्सियस पर रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है।
तापमान 38 से 41 डिग्री के बीच बना रहेगा। शुक्रवार को सुबह से ही चटक धूप खिली। तपिश से झुलसने के साथ लोग पसीने से भीगते रहे। जैसे-जैसे दिन बढ़ा तो गर्मी और तपिश ने कहर बरपाया। गर्मी से लोग परेशान हो गए, लेकिन शाम के समय अचानक फिर मौसम का मिजाज बदल गया। धूलभरी आंधी के साथ गड़गड़ाहट संग बारिश शुरु हो गई। झमाझम बारिश के बाद मौसम तो सुहाना हो गया, लेकिन धूलभरी आंधी संग बारिश से परेशानी भी झेलनी पड़ी। कहीं हवा में होर्डिंग्स बोर्ड उड़े तो कहीं पेड़ टूटकर गिर गए। शहर से लेकर देहात क्षेत्रों तक यही आलम बना रहा। वहीं बागवानों को नुकसान झेलना पड़ा। बीते दिनों भी तेज आंधी से आम टूटकर गिरा था। अब फिर आंधी ने आम की फसल को बर्बाद कर दिया। इससे उत्पादन पर काफी असर पड़ेगा। मौसम विज्ञानी डा. विवेकराज के अनुसार अभी तीन दिन इसी तरह का मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि अधिकतम तापमान में एक-दो डिग्री गिरावट होने की संभावना बनी हुई है। तीन दिन बाद बारिश होने के आसार बन रहे हैं, लेकिन तापमान भी सामान्य से अधिक चढ़ा रहने का अनुमान है। हालांकि इस दौरान बारिश के बाद राहत मिलने की उम्मीद है। - राहगीर-वाहन चालक परेशान तेज धूलभरी आंधी और बारिश से राहगीर और वाहन चालक परेशान रहे। धूल उड़ने के कारण लोग जहां थे, वहीं रूक गए। लोगों ने आंधी-बारिश बंद होने का इंतजार किया। - बारिश से कीचड़ की बनी रही समस्या बारिश के चलते शहर समेत देहात क्षेत्रों में कीचड़ की समस्या रही। इससे राहगीर और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।