रात बारिश से बदला मौसम, सुबह सर्द हवाओं के साथ छाए बादल
Bulandsehar News - बुलंदशहर में मौसम में अचानक बदलाव आया है। बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है और देहात क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई है। न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।...

बुलंदशहर। जनपद में चार दिनों से मौसम बदल रहा है। अचानक बारिश के बाद सुबह-शाम ठंड का असर बढ़ गया है। शुक्रवार देर शाम से शुरु हुई बारिश तड़के तक रूक-रूककर होती रही। शनिवार को सुबह को भी आसमान में बारिश के बादल मंडराते रहे। सर्द हवाओं से ठंड का अहसास हुआ। वहीं बारिश के बाद देहात क्षेत्रों में जलभराव और कीचड़ से लोग परेशान रहे। न्यूनतम तापमान 13 और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस पर रिकार्ड किया गया। अब मौसम विभाग के मुताबिक तीन दिन तक तापमान इसी स्तर के आसपास बना रहेगा। इसके बाद दो दिन तक तापमान 23 डिग्री पर पहुंचेगा। इस दौरान मौसम साफ रहेगा। गर्मी का असर बढ़ेगा। शुक्रवार को सुबह से आसमान में छाए बादलों ने बारिश के संकेत दिए थे। दिनभर बादलों की उमड़-घुमड़ के बाद देर शाम अचानक बारिश शुरु हो गई। कभी तेज तो कभी हल्की बारिश ने मौसम में ठंड घोल दी। रातभर रूक-रूककर बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। शनिवार को भी सुबह से बारिश के बादल मंडराते रहे। इस बीच हल्की धूप भी निकलती रही, लेकिन इसमें तपिश नहीं थी। दिन बढ़ने के साथ ही धूप के तेवर तल्ख हो गए, लेकिन कोई खास गर्मी का अहसास नहीं हुआ। इसके बाद शाम तक मौसम साफ बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार अब अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा। गर्मी के तेवर बढ़ेंगे।
- शहर में कम, देहात में जमा हुई बारिश
शुक्रवार रात के समय शहर में कम बारिश रिकार्ड की गई, लेकिन देहात क्षेत्रों में बादल जमकर बरसे। इससे जलभराव और कीचड़ा से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि शनिवार को दोपहर बाद मौसम साफ होने से राहत मिली, मगर सुबह तक परेशानी झेलनी पड़ी।
- गेहूं के लिए फायदेमंद, सरसों-आलू को नुकसान
कृषि वैज्ञानिक डॉ. विवेक राज ने बताया कि मौसम का यह बदला मिजाज गेंहू के लिए फायदेमंद है। इससे गेहूं को फायदा होगा, लेकिन सरसों और आलू के लिए नुकसानदायक साबित होगी। सरसों में फूल खिल चुके हैं। ऐसे में सरसों और आलू की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।