बारिश से मौसम का पलटवार, दोपहर में तेज धूप
Bulandsehar News - बारिश के बाद मौसम में अचानक परिवर्तन आया है। सुबह तीन बजे से शुरू हुई बारिश ने ठंड बढ़ा दी। देहात क्षेत्रों में जलभराव और कीचड़ से लोग परेशान हैं। किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि तेज हवाओं के साथ...

बारिश के बाद मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। गुरुवार को तड़के करीब तीन बजे बारिश शुरु हो गई। सुबह तक रूक-रूककर हुई बारिश और सर्द हवाओं के साथ तापमान में गिरावट से ठंड का असर बढ़ गया। सुबह लोगों की कंपकंपी छूट गई। सुबह के समय फिर झमाझम बारिश हुई। इससे देहात क्षेत्रों में जलभराव के साथ कीचड़ से लोग परेशान हो गए। दोपहर के समय मौसम साफ हुआ और तेज धूप खिली। न्यूनतम तापमान 11 और अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस पर रिकार्ड किया गया। मौसम में रोजाना बदलाव देखने को मिल रहा है। कभी तेज धूप से गर्मी का असर बढ़ रहा है तो कभी बादल छाए रहने के साथ झमाझम बारिश हो रही है। गुरुवार को तड़के झमाझम बारिश के बाद मौसम बदल गया। सुबह करीब तीन बजे बारिश शुरु हो गई। करीब पांच बजे तक रूक-रूककर बारिश हुई। इसके बाद आसमान में बादल छाए रहे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे गड़गड़ाहट के साथ फिर झमाझम बारिश ने ठंड बढ़ा दी। करीब एक घंटे तक हल्की-तेज बारिश होती रही। इस दौरान 16 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवाओं ने सिहरन बढ़ा दी। कुछ दिन से जहां तेज धूप के चलते गर्मी का अहसास हो रहा था। वहीं बारिश के बाद ठंड महसूस की गई। दिन बढ़ने के साथ ही मौसम साफ हुआ। दोपहर के समय धूप खिली। जिससे लोगों को राहत मिली। न्यूनतम तापमान में दो और अधिकतम में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
- कीचड़ से परेशान रहे लोग
देहात क्षेत्रों में बारिश के बाद कीचड़ ने लोगों को परेशान कर दिया। जगह-जगह जलभराव होने के कारण कीचड़ हो गई। जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
- किसानों के दिलों की बढ़ी धड़कनें
बारिश के साथ तेज रफ्तार से चली हवाओं ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें बना दीं। गेहूं की फसल को लेकर किसान चिंतित हो गए। यदि अब बारिश के साथ हवाएं चलती हैं तो गेहूं की फसल को काफी नुकसान हो सकता है। किसानों का कहना है कि इस बार मौसम बदलने से पहले ही फसल प्रभावित हो गई है। अब बारिश के बाद काफी नुकसान होगा।
- वाहन चालक और राहगीर परेशान
सुबह के समय बारिश होने के कारण नौकरीपेशा लोगों और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। सुबह करीब साढ़े नौ बजे शुरु हुई बारिश के चलते यातायात प्रभावित हो गया। दोपहिया वाहन चालक बारिश के कारण रूक गए। वहीं रागहीर भी बारिश से बचाव करते नजर आए।
- छाए रहेंगे बादल, बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक अभी कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज बना रहेगा। तापमान में तीन से चार डिग्री तक उछाल-गिरावट होती रहेगी। एक सप्ताह में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 16 डिग्री तक पहुंचेगा। इसके बाद गर्मी का असर तेजी से बढ़ेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।