सपा कार्यकताओं ने पुलिस से की धक्का मुक्की, 20 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Bulandsehar News - खुर्जा में, सपा के प्रतिनिधि मंडल को सांसद रामजीलाल सुमन के साथ पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने 20 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज...

खुर्जा। बुलंदशहर के गांव सुनहैरा जा रहे सपा के प्रतिनिधि मंडल के साथ मौजूद सांसद रामजीलाल सुमन को पुलिस ने बुलंदशहर और अलीगढ़ की सीमा पर रोकने का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर मौजूद सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस से धक्का मुक्की की। साथ ही सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। मामले में अरनियां पुलिस ने करीब 20 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गांव सुनहैरा में थार से कुचलकर महिला की मौत हो गई थी। एसपी देहात डा. तेजवीर सिंह ने बताया कि सपा का प्रतिनिधि मंडल गांव सुनहैरा के लिए आ रहा था। प्रतिनिधि मंडल के साथ सांसद रामजीलाल सुमन भी थे। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने अलीगढ़ और बुलंदशहर की सीमा पर उन्हें रोककर समझाया। साथ ही अवगत कराया गया कि आपके ग्राम सुनहरा जाने से कानून एंव शान्ति व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
इसी बात पर प्रतिनिधिमंडल के साथ मौजूद कुछ व्यक्तियों एव जनपद बुलन्दशहर के समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की ओर से मौके पर उपस्थित पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की की गयी। सूचना तत्काल थानाध्यक्ष अरनिया की ओर से उच्चाधिकारीगण को दी गयी। उच्चाधिकारीगण के आदेशानुसार थानाध्यक्ष पहासू, थाना प्रभारी खुर्जानगर, थाना प्रभारी डिबाई, थाना प्रभारी खुर्जा देहात, थानाध्यक्ष जहांगीरपुर, थाना प्रभारी एएचटीयू मय पुलिसफोर्स और पीएसी बल के साथ स्थिति नियंत्रित करने हेतु तत्काल मौके पर पहुंचे। जिसके बाद सांसद आगरा वापस चले गये। वहीं प्रतिनिधिमण्डल ने ग्राम सुनहैरा के लिए प्रस्थान किया। उनके साथ उपस्थित अन्य कार्यकर्ताओं को वहां से पुलिस बल ने हटाया। पूरे घटनाक्रम के दौरान प्रतिनिधिमंडल के साथ मौजूद व्यक्तियों एवं जनपद बुलन्दशहर के समाजवादी पार्टी के करीब 15-20 स्थानीय कार्यकर्ताओ ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करते हुए सरकारी कार्य मे बाधा उत्पन्न की। मामले में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।