एचआईवी पाजिटिव महिला का प्रसव करने से किया इंकार
Bulandsehar News - गुलावठी क्षेत्र की एचआईवी पॉजिटिव महिला को जिला अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती नहीं किया गया। परिजनों के विरोध पर अस्पताल स्टाफ ने अभद्रता की। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद महिला को भर्ती किया गया,...

गुलावठी क्षेत्र के रहने वाली एचआईवी महिला का जिला अस्पताल में तैनात महिला स्टाफ ने प्रसव करने से इंकार कर दिया है। परिजनों ने जब इसका विरोध किया तो अभद्रता हुई। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद महिला को भर्ती कर लिया गया है। हालांकि बाद में गर्भवस्था में शिशु में दिक्क्त बताते हुए उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया था जहां महिला ने बेटी को जन्म दिया है। सोमवार की रात गुलावठी थाना क्षेत्र के एक गांव से एक प्रसूता को लेकर परिजन जिला महिला अस्पताल में पहुंचे और उसे भर्ती करने के लिए कहा। परिजनों ने बताया कि महिला एचआईवी पॉजिटिव है इसके बारे में अस्पताल को बता दिया गया था जिस पर अस्पताल स्टाफ द्वारा प्रसव करने के लिए बोल दिया था। मगर जब महिला को भर्ती करने का नंबर आया तो स्टाफ ने भर्ती करने से इंकार कर दिया। आरोप है कि स्टाफ द्वारा महिला के परिजनों से अभद्रता की गई। बाद में मामला अधिकारियों के पास पहुंचा तो महिला को भर्ती कर लिया गया था। इस दौरान महिला काफी देर तक प्रसव पीड़ा से जूझती रही। हंगामे के बाद एक महिला चिकित्सक ने प्रसूता का चेकअप किया और गर्भस्थ शिशु को को दिक्क्त बताते हुए रात्रि 11 बजे महिला को मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया था। इसके बाद किसी तरह परिजन महिला को मेरठ मेडिकल के अस्पताल पहुंचे। मंगलवार को एचआइवी पाजिटिव प्रसूता ने बेटी को जन्म दिया। प्रसूता के परिजनों ने बताया कि अस्पताल के स्टाफ द्वारा जान बूझकर प्रसव नहीं किया और उनके द्वारा भेदभाव किया गया था। मामले में कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कालेज के नोडल अधिकारी डा. रोहित वार्ष्णेय का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप गलत हैं। महिला की डिलीवरी कठिन थी। इसलिए महिला प्रसूता को रेफर किया गया था। सीएमएस डा. अजय पटेल का कहना है कि मेरठ मेडिकल में भी सिजेरियन डिलीवरी हुई है। कोई भेदभाव किसी के साथ नहीं किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।