जूता चुराई की रस्म पर बिगड़ी बात, बारात को बनाया बंधक
Bijnor News - गांव सराय आलम में दो बहनों की बारात आई थी। एक बहन के निकाह के समय जूता चुराई रस्म पर विवाद हो गया। लड़की पक्ष ने बारात को बंधक बना लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने लाकर समझौता कराया, जिसमें दूल्हे...

गांव सराय आलम में अलग-अलग जगह से दो बहनों की बारात एक साथ आई थी, जिसमें एक बारात के साथ लड़की पक्ष की जूता चुराई रस्म को लेकर कहासुनी हो गई। बारात को बंधक बना लिया गया, मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। आखिर में दोनों पक्षों में समझौत हुआ और दूल्हे द्वारा दुल्हन को तलाक देने के बाद बारात लौट गई। वहीं दूसरी बहन का निकाह हुआ और उसकी विदाई भी हुई। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ। नांगल थानाक्षेत्र के सराय आलम में रविवार रात अलग-अलग स्थानों से दो सगी बहनों की बारात आई थी, जिसमें एक बहन का निकाह ताो ठीक प्रकार से निपट गया जबकि दूसरी बहन के निकाह के बाद जूता चुराई की रस्म में कहासुनी के बाद हंगामा हो गया। नांगल थाने में तैनात दरोगा सुनील पूनिया के अनुसार बारात पक्ष के लोगों ने लड़की पक्ष को जूता चुराई की रस्म के दौरान गाली दे दी, जिसे लेकर लड़की पक्ष में गुस्सा व्याप्त हो गया।
कहासुनी इतनी बढ़ी कि लड़की पक्ष ने बारात को बंधक बना लिया। सूचना पर नांगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बारात को बंधनमुक्त कराया। काफी देर तक गहमागहमी के बीच पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई, जहां सोमवार सुबह से दोपहर तक वर और वधू पक्ष एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते रहे। कई घंटो की मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया, जिसके अनुसार दूल्हे ने फोन पर ही दुल्हन को तलाक दिया और बारात बिना दुल्हन थाने से ही अपने घर लौट गई।
हर्षोल्लास से हुआ दूसरी बहन का निकाह
जहां एक ओर दुल्हन पक्ष और दूल्हा पक्ष में तकरार चल रही थी, वहीं दूसरी ओर दूसरी बहन की शादी की रस्म बदस्तूर जारी रहीं और परिजनों ने विधिवत उसकी विदाई भी की। बीच बीच में कई बार हंगामा जरूर खड़ा होता रहा।
नजीबाबाद में जूता चुराई के दौरान हुई थी रार
पिछले दिनों नजीबााबाद के गांव गढ़मलपुर में देहरादून के चकरौता से गढ़मलपुर आई बारात में भी जूता चुराई के दौरान कहासुनी के बाद दूल्हे और उसके पिता को जमकर पीटा गया था। शिकायत लेकर थाने पहुंचे दूल्हे और उसके पिता को सारी रात थाने में गुजारनी पड़ी थी। अगले दिन दूल्हे ने दुल्हन को तलाक दिया और बारात बिना दुल्हन देहरादून लौट गई।
वर्जन
बारात को बंधक बनाए जाने की लड़के पक्ष की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची थी। दोनों को थाने लाया गया, जिसमें समझौता होने के बाद दूल्हे ने दुल्हन को तलाक दिया और बारात लौट गई। किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर आदि नहीं दी है। - सुशील कुमार, थाना प्रभारी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।