Hindi NewsUttar-pradesh NewsBijnor NewsVidur Kuti to Join Mahabharat Circuit Boosting Local Tourism and Economy

यूपी बजट: महाभारत सर्किट में जुड़ने से विदुरकुटी में बहेगी विकास की गंगाा

Bijnor News - बिजनौर का पौराणिक स्थल विदुर कुटी महाभारत सर्किट से जुड़ने जा रहा है। इससे पर्यटन के क्षेत्र में विकास होगा और स्थानीय निवासियों को लाभ मिलेगा। विदुर कुटी पर बायोडायवर्सिटी पार्क बनाया जाएगा और गंगा...

Newswrap हिन्दुस्तान, बिजनौरFri, 21 Feb 2025 11:29 PM
share Share
Follow Us on
यूपी बजट: महाभारत सर्किट में जुड़ने से विदुरकुटी में बहेगी विकास की गंगाा

बिजनौर। पौराणिक स्थल विदुर कुटी के महाभारत सर्किट से जुड़ने पर विकास की गंगा बहेगी। विदुर कुटी पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगी और पर्यटक विदुरकुटी पर घूमते नजर आएंगे। महाभारत सर्किट में जुड़ने से अब विदुरकुटी के विकास के लिए अलग से बजट आवंटित होगा, जिससे इसका सीधा लाभ स्थानीय निवासियों, व्यापरियों को होगा। साथ ही पयर्टन आदि बढ़ने से मिलने वाले रेवेन्यू से राज्य सरकार को लाभ मिलेगा। जिला प्रशासन ने भी विदुर कुटी के विकास के लिए प्रस्ताव शासन को भेजे हैं। फिलहाल तकनीकी पेच में फंसी विदुर कुटी के पास से गंगा की धारा को लाने के प्रयासों में तेजी आने की उम्मीद है। दारानगर गंज में स्थित विदुर कुटी को महाभारत सर्किट से जोड़े जाने की लम्बे समय से मांग चली आ रही थी। विदुर कुटी को महाभारत सर्किट से जोड़े जाने से ईको टूरिज्म की दिशा में भी तेजी से काम होगा और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। विदुर कुटी में विकास को पंख लगेंगे। वेलनेस रिसॉट्र्स बनेंगे साथ ही होटल और धर्मशालाएं आदि पर काम होगा। इतना ही नहीं विदुर कुटी पर गंगा स्नान का ऐतिहासिक मेला लगता है।

गंगा स्नान मेले में पहुंचते हैं कई लाख श्रद्धालू

कई लाख श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाते हैं और मां गंगा का आशीर्वाद लेते हैं। गंगा स्नान मेले को विशेष दर्जा दिलाने की मांग पहले भी उठ चुकी है। इस पहल से गंगा स्नान मेले को विशेष दर्जा मिलने की भी उम्मीद की आस जगी है। विदुर कुटी से गंगा कुछ किलोमीटर की दूरी पर बहती है। जिले में मुख्यमंत्री भी घोषण कर गए थे कि गंगा की धारा को विदुरकुटी के पास से निकाला जाएगा। महाभारत सर्किट में विदुर कुटी से जुड़ने से गंगा की धारा को विदुर कुटी के पास से लाने में तेजी आएगी। उम्मीद जगी है कि बहुत जल्द गंगा की धारा को विदुर कुटी के पास से लाया जाएगा। इसे लेकर अफसरों की टीम पिछले कुछ माह पहले निरीक्षण भी कर चुकी है।

--------

प्रथम राष्ट्रपति ने किया था विदुर कुटी का उद्घाटन

विदुर कुटी का उद्घाटन राष्ट्रपति राजेन्द्र प्रसाद ने विदुर कुटी पर पहुंचकर किया था। जिले का पौराणिक स्थल है और अलग ही पहचान है। कई बार विदुर कुटी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग भी उठी है। अब देश ही नहीं विदेशी पर्यटक भी जल्द ही विदुर कुटी पर घूमते नजर आएंगे।

-------

बायोडायवर्सिटी पार्क से विदुर कुटी को मिलेगी पहचान

विदुर कुटी पर करीब 55 हेक्टेयर में बायोडायवर्सिटी पार्क बनाया जा रहा है। यह पार्क यमुनावाई डायवर्सिटी पार्क नई दिल्ली की तर्ज पर विकसित होगा। विदुर कुटी पर वेटलैंड रौनक बढ़ाएंगे तो कछुए की हैचरी से लेकर ग्रासलैंड नर्सरी बनेगी।

महाभारत सर्किट आने के लाभ

-ऐतिहासिक और पौराणिक विदुरकुटी के लिए विकास के लिए विशेष योजना होगी तैयार

-विदुरकुटी की सांस्कृतिक विरासत के बारे में लोगों को विस्तार से बताने पर होगा काम

-इस क्षेत्र व स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा, होगा आसपास का विकास

-पर्यटकों को इस क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक समृद्धि के बारे में पता चलेगा

-जीर्णशीर्ण अवस्था में पड़े तीर्थ स्थलों-भवनों को होगा कायाकल्प, पयर्टकों से रोजगार बढ़ेगा

-----------------

कोट -------

विदुर कुटी को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने को प्रयास किया जा रहा है। विदुर कुटी पर ध्यान योग केन्द्र, योगा क्लास और आयुर्वेद ट्रीटमेंट आदि के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। कुछ टैक्नीकल प्रॉब्लम के चलते गंगा की धारा को विदुर कुटी के पास लाने में रुकावट आई थी लेकिन जल्द ही विदुर कुटी के पास गंगा की धार लाने का प्रयास होगा। पौराणिक स्थल विदुर कुटी को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रयास हैं कि विदुर कुटी पर विकास की गंगा बहेगी।

-पूर्ण बोरा, सीडीओ बिजनौर।

-----

पहले भी महाभारत सर्किट में शामिल करने को उठ चुकी है मांग, आया था बजट

विदुर कुटी के लिए काफी काम कर चुके अशोक निर्दोष ने बताया कि जब वह नगर कल्याण समिति में संघर्ष संयोजक था। विदुर कुटी को महाभारत सर्किट में शामिल करने की मांग उठाई थी। कुछ बजट भी आया था और विदुर कुटी पर काम हुआ था। विदुर कुटी प्रदेश के धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा तो इसका लाभ स्थानीय निवासियों को भी मिलेगा। पौराणिक स्थल है और आज भी जीता जागता प्रमाण 12 माह बथुए के पौधे मिलना है। विदुर कुटी पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित होनी चाहिए और पर विकास की गंगा बहनी चाहिए।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें