बोले बिजनौर : बीते 12 साल, नहीं सुधरा टूटी सड़कों तारों का जाल
Bijnor News - वैष्णो विहार कॉलोनी के निवासी 12 वर्षों से सुविधाओं के इंतजार में हैं। यहां जल निकासी, सफाई, सड़क मरम्मत और बंदरों की समस्या जैसी कई समस्याएं हैं। लोग चाहते हैं कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से आएं और...

12 वर्ष से कॉलोनी में रह रहे लोग इस इंतजार में हैं कि कब इसमें सुविधाओं की बयार बहेगी। यहां रह रहे लोगों की समस्याओं की फेहरिस्त काफी लंबी है। समस्या आज से नहीं काफी समय से चली आ रही है। समस्याओं के मकड़जाल में फंसे वैष्णो विहार कॉलोनी के लोग सपना देख रहे हैं कि वह कौन सा दिन होगा जब समस्याओं से छुटकारा मिलेगा और सुविधाओं का बोलवाला होगा। समस्याएं तो समय पर उठाई जाती हैं, लेकिन सुनवाई नहीं होती। हालात ऐसे हैं कि न तो सफाई कर्मचारी आते हैं और न ही घरों के कूड़े का उठान होता है। करीब 1200 की आबादी वाली वैष्णो विहार कॉलोनी के लोग एक नहीं कई समस्याओं के चक्रव्यूह में फंसे हैं। गांव को छोड़कर शहर में तो आकर बस गए, लेकिन शहर जैसी सुविधाओं से वंचित है। कालोनी में रह रहे लोगों को न तो शहर जैसी सुविधा मिली और न ही गांव जैसी। वैष्णो विहार कालोनी में एक नहीं अनेक समस्याएं हैं। इस्लामपुर दास ग्राम पंचायत में शामिल वैष्णो विहार कालोनी में रह रहे इन्द्रपाल सिंह, रजत चौधरी, देवेन्द्र सिंह, मुकेश विश्नोई ने कहा कि कालोनी में जल निकासी की बड़ी समस्या है। नाली नहीं है और पानी आसपास के प्लाट में जा रहा है। सड़क खराब है और सड़क की मरम्मत होनी चाहिए। नालियां बननी चाहिए और कालोनी में जल निकासी के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। सड़कों की मरम्मत होगी तो कालोनी के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। कालोनी में सफाई कर्मचारी सफाई करने के लिए नहीं आते हैं। कालोनी के लोगों की आंखे सफाई कर्मचारियों को देखने के लिए पथरा गई है लेकिन सफाई कर्मचारी कालोनी से दूर है। न तो सफाई कर्मचारी आते हैं और न ही कूड़ा उठाने के लिए कोई आता है। हालात ऐसे है कि लोगों के घरों का गंदा कूड़ा न उठने के लिए इधर उधर कूड़ा डाल दिया जाता है। प्रशांत शर्मा, लक्ष्मी सिंह, देवेन्द्र सिंह, प्रमोद कुमार ने कहा कि कालोनी में बंदरों का आतंक है। बंदरों को पकड़वाकर दूर जंगल में छुड़वाया जाए। अगर बंदर पकडे़ जाते हैं तो कालोनी के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। कालोनी में प्रकाश की उचित व्यवस्था के लिए अधिक से अधिक स्ट्रीट लाइट लगवाई जाए ताकि कालोनी में अंधेरे की समस्या से छुटकारा मिले। कालोनी में फॉगिंग नहीं होती है जबकि गर्मी बढ़ रही है और मच्छरों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। कालोनी के लोगों को मच्छरों से निजात दिलाने के लिए हर सप्ताह कालोनी में फॉगिंग की व्यवस्था होनी चाहिए।
----
11 हजार की विद्युत लाइन से खतरा
कॉलोनी के लोगों का कहना है कि कॉलोनी में 11 हजार की विद्युत लाइन गुजर रही है। इस विद्युत लाइन को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए। इस विद्युत लाइन से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। 11 हजार की लाइन हटने से कालोनी के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
---
खाली पड़े प्लाट की होनी चाहिए साफ सफाई
वैष्णो विहार कॉलोनी में खाली पड़े प्लाटों में साफ सफाई व्यवस्था होनी चाहिए। खाली प्लाटों में बड़ी-बड़ी घास खड़ी है। इससे कालोनी की स्वच्छता को भी ग्रहण लग रहा है। सफाई कर्मचारी आकर खाली पड़े प्लाटों की भी सफाई करें अन्यथा प्लाट मालिक प्लाटों की सफाई कराए।
कॉलोनी के गेट पर न डाला जाए कूड़ा
कॉलोनी के मुख्य द्वार पर आसपास में गंदगी डाली जा रही है। कालोनी के लोगों ने कहा कि कॉलोनी के गेट पर साफ सफाई व्यवस्था दुरूस्त होनी चाहिए और कॉलोनी के गेट के दोनों और किसी को भी गंदगी डालने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए।
-----
सुझाव
कॉलोनी में सफाई कर्मचारी आने चाहिए।
कॉलोनी के लोगों के घरों से रोज कूड़ा उठाने के लिए गाड़ी आनी चाहिए।
बंदरों को पकड़वाकर दूर जंगल में छुड़वाया जाए।
जल निकासी के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए।
कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था होनी चाहिए।
-----
शिकायतें--
वैष्णो विहार कॉलोनी में रोज नहीं आते सफाई कर्मचारी।
कूड़ा उठाने के लिए नहीं कोई व्यवस्था।
बंदरों की समस्या से जूझ रहे कॉलोनीवासी।
अपने घरों के सामने लोगों ने स्वयं ही लगवा रखी है स्ट्रीट लाइट।
जल निकासी की कॉलोनी में होनी चाहिए व्यवस्था।
------------
बोले जिम्मेदार
कॉलोनी के लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा। सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे कि कॉलोनी में जाकर निरीक्षण करें और समस्याओं का निस्तारण कराए। समस्याओं के निस्तारण करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। - पूर्ण बोरा, सीडीओ बिजनौर।
लोगों का दर्द
11 हजार की एचटी लाइन सड़क के बीच से गुजर रही है। जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। एचटी लाइन को कालोनी से शिफ्ट किया जाना आवश्यक है। - तीर्थ सिंह
गर्मी के मौसम में कॉलोनी में मक्खी-मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। कीटनाशक व फागिंग का नहीं कराई जाती है। जिससे संक्रामक बीमारियों का अंदेशा रहता है। - प्रमोद कुमार
कॉलोनी में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है। जिससे कॉलोनी में अंधेरा पसरा रहता है। कॉलोनी वासियों ने अपने-अपने आवासों के पास खुद के खर्च पर लाइट की व्यवस्था की हुई है। - इंद्रपाल सिंह
जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। कॉलोनियों में नालियां भी नहीं है। जिससे आवासों का पानी खाली पड़े प्लाटों में जाता है। नालियों का निर्माण होना आवश्यक है। - सुनील कुमार गुप्ता
सफाई व्यवस्था दुरूस्त नहीं है। सफाई कर्मचारी मनमर्जी से आते हैं। कई कई दिन सफाई कर्मी दिखाई नहीं देते हैं। जिससे कॉलोनीवासियों को खाली प्लांटों में कूड़ा डालने को मजबूर होना पड़ता है। - देवेंद्र सिंह
कॉलोनी में कूड़ा उठाने वाली गाड़ी भी नहीं आती है। कॉलोनी में कूड़ा उठाने की कोई व्यवस्था नहीं है। जिससे कालोनी में कूड़ा के ढेर लगे हैं। - लक्ष्मी सिंह
कॉलोनी में सड़कें तो बनी है, लेकिन वह क्षतिग्रस्त है। जिनकी मरम्मत की जरूरत है। सड़कों की मरम्मत होना आवश्क है। - मुकेश विश्नोई
बंदरों का कॉलोनी में आंतक है। बंदरों के डर से छत पर जाना भी मुश्किल है। बंदर झुंड में आते है। अकेले इंसान पर हमलावर हो जाते है। बंदरों का पकड़ा जाना आवश्यक है। - प्रशांत शर्मा
कॉलोनी में रोज सफाई कर्मचारी नहीं आते हैं। रोज के रोज सफाई कर्मचारी आने चाहिए। घरों का कूड़ा रोज ले जाने की व्यवस्था होनी चाहिए। - रजत चौधरी
कॉलोनी में पानी निकासी के लिए नालियों और नालों का निर्माण होना आवश्यक है। जिससे कॉलोनी का पानी खाली प्लांटों में न भरकर बाहर जा सके। - सुमित कुमार
कॉलोनी में नियमित सफाई का होना जरूरी है। सफाई कर्मचारियों को रोजाना सफाई कार्य को अंजाम देना चाहिए, ताकि कॉलोनी में स्वच्छता की बयार बहें। - मोंटी गुर्जर
कॉलोनी में पानी की निकासी के इंतजाम होने चाहिए। नालियों और नालों की नियमित सफाई होनी चाहिए। जिससे मक्खी और मच्छर न पनप सके। - रविन्द्र पाल सिंह
कॉलोनी में इंडिया मार्का हैंडपंप अधिक से अधिक होने चाहिए। लोग समरसेबिल पर निर्भर है। कॉलोनी में इंडिया मार्का हैंडपंपों का होना आवश्यक है। - रणवीर सिंह
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।