Hindi NewsUttar-pradesh NewsBijnor NewsResidents of Mahadevpuram Colony Demand Basic Amenities Amidst Poor Infrastructure

बोले बिजनौर : पानी निकासी और टूटी सड़क का नहीं समाधान

Bijnor News - महादेवपुरम कॉलोनी के निवासियों का कहना है कि नगर पालिका में शामिल होने के बाद भी उन्हें मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। टूटी सड़कों, जल निकासी की कमी, और जर्जर बिजली लाइनों जैसी समस्याओं का सामना कर...

Newswrap हिन्दुस्तान, बिजनौरWed, 19 Feb 2025 06:11 PM
share Share
Follow Us on
बोले बिजनौर : पानी निकासी और टूटी सड़क का नहीं समाधान

सोचा था कि कालोनी में रहेंगे तो उच्च स्तर की जीवनशैली होगी और हर तरफ सुविधाओं की बयार बहेगी। जीवन में नए बदलाव आएंगे, लेकिन सुविधाएं तो दूर अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। बिजनौर शहर के परिसीमन में नगर पालिका में शामिल हुई महादेवपुरम कालोनी के लोगों को मूलभूत सुविधाओं की दरकार है। कालोनीवासियों का कहना है कि जिला प्रशासन और नगर पालिका कालोनी की ओर ध्यान दें तथा समस्याओं को दूर करें। समस्याओं का तो अंबार हैं, लेकिन कोई निराकरण करने को तैयार नहीं है। मंडावर रोड पर स्थित  महादेवपुरम कालोनी के वाशिंदे मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। रहा है। कालोनी में टूटी सड़क, जल निकासी न होना, अतिक्रमण और 11 हजार की जर्जर लाइन प्रमुख समस्या है। योगेन्द्र पाल सिंह योगी, मुख्ता श्रीवास्तव, सत्यवीर सिंह, महावीर सिंह और बबलू प्रधान ने कहा कि कालोनी में 11 हजार की लाइन हटनी चाहिए। कालोनी से गुजर रही 11 हजार की लाइन बड़ी समस्या है और लाइन काफी जर्जर है। कालोनी में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। दो वर्ष पूर्व यह कॉलोनी बिजनौर शहर के परिसीमन में तिमरपुर ग्राम पंचायत से निकाल कर नगर पालिका में शामिल की गई थी। बिजनौर नगर पालिका में शामिल होने पर कालोनी वासियों को लगा था कि उसे भी  नगर के भांति जन सुविधाऐं मिलेंगी परन्तु उनके सपने धीरे धीरे दम तोड़ रहे हैं। कॉलोनी में आज भी नगर पालिका की जलापूर्ति की सुविधा अभी तक नहीं है । पाइप लाइन तो डाल दी गई हैं लेकिन घरों में अभी तक पानी नहीं आया है। सभी घरों में समरसेविल लगाना मजबूरी हो गई। जिससे अत्यधिक पानी का दोहन हो रहा है। कालोनी में जल निकासी की सुविधा नहीं है और अभी तक किसी भी सड़क का निर्माण नगर पालिका द्वारा नहीं कराया गया है। कालोनी में एक आधे अधूरे नाले का निर्माण कराया गया है परंतु ये नाला कहीं उंचा है कंही नीचा। जिससे नाले में पानी जमा हो जाता है और गंदे पानी की निकासी नहीं हो पाती है। भारत सिंह, टीकम सिंह, ईश्वर गुप्ता और जसवंत सिंह ने बताया कि कालोनी में अतिक्रमण की बड़ी समस्या है। लोगों ने सड़क पर अतिक्रमण कर रखा है तथा कालोनी में रोशनी के लिए स्ट्रीट लाइट बहुत कम है। जो खराब हो जाती हैं उन्हें बदला नहीं जाता है। कालोनी में आवारा गोवंश और आवारा कुत्तों की भी समस्या है। नगर पालिका कालोनी में घूम रहे आवारा गोवंशों को पकड़वाए। पार्क गंदा है और कालोनी में सौन्दर्यकरण के नाम पर कुछ नहीं है। कालोनी में सफाई कर्मचारी भी नियमित रूप से नहीं आते हैं।

खराब हालत में पार्क, कोई नहीं लेता सुध

कालोनी के लोगों ने कहा कि कालोनी का पार्क खराब हालत में है। हालात ऐसे हैं कि लोग यहां कूड़ा तक डाल रहे हैं। फव्वारा तक खराब हो गया है। पार्क केसौन्दर्यकरण के नाम पर कुछ नहीं है। प्लाटों में पानी जा रहा है। प्लाटों की सफाई कर्मचारी साफ सफाई नहीं करते हैं। इंडिया मार्का हैंडपम्प का पानी तक पीने योग्य नहीं है।

टूटी सड़कों से हो रहा जीना दूभर

योगेन्द्र पाल सिंह योगी और सत्यवीर सिंह ने कहा कि पाइप लाइन डालते समय सड़क तोड़ दी गई है लेकिन बनवाई नहीं गई है। टूटी सड़क परेशानी का सबब बन गई है। हालात ऐसे है कि वाहनों के निकलने के बाद उड़ रही धूल से परेशानी हो रही है। ऊंची नीची नालियां बनने से जल निकासी नहीं हो पा रही है। नालियों में पानी जमा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।

कालोनी में लगाए जाए इंडिया मार्का हैंडपंप

कालोनी के लोगों ने कहा कि कालोनी में कई इंडिया मार्का हैंडपंप होने चाहिए। सड़कों के गड्ढे भरे जाए। साथ ही अतिक्रमण साफ होना चाहिए। कालोनी के कुछ लोगों ने सड़क पर अतिक्रमण कर रखा है जबकि अतिक्रमण नहीं करना चाहिए। कालोनी के लोगों ने कहा कि अतिक्रमण को हटाया जाए और नगर पालिका के पानी की व्यवस्था होनी चाहिए। शीघ्र से शीघ्र लोगों को नगर पालिका में शामिल होने का लाभ मिलना चाहिए।

बोले लोग

400 से अधिक परिवारों की ये कोलोनी आज भी वैसे ही हालात में है जैसा नगर पालिका में शामिल होने से पूर्व थी। कालोनी में कोई सार्वजनिक स्थल न होने के कारण वोट डालने के लिए भी डेढ़ से दो किलोमीटर दूर जाना पड़ता है।- योगेन्द्र पाल सिंह योगी।

आवारा पशु व कुत्ते सड़कों पर घुमते रहते हैं जो सड़क गंदी तो करते ही हैं साथ ही किसी अप्रत्याशित दुर्घटना का डर बना रहता है। आवारा गोवंश को पकड़वाया जाए।- मुख्ता श्रीवास्तव।

कालोनी में लगभग 50 फ्लैट हैं। जिनके पानी की निकासी ऊंची नाली बन जाने के कारण नहीं हो रही है। यह बड़ी समस्या है। इसका निस्तारण होना चाहिए।-सत्यवीर सिंह।

कालोनी में कई मार्गो में स्ट्रीट लाइटें नहीं लगी हैं। इससे कालोनी में अंधेरे की समस्या से कालोनी के लोग दो चार हो रहे हैं। प्रकाश के लिए स्ट्रीट लाइट लगवाई जाए। - महावीर सिंह।

कालोनी के पार्क और मंदिर पर स्ट्रीट लाइट होनी चाहिए। इसे प्रकाश की उचित व्यवस्था होगी और कालोनी के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।- बबलू प्रधान।

कालोनी में सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या है। अतिक्रमण साफ होना चाहिए। कालोनी में हो रहे अतिक्रमण पर ध्यान दिया जाए।- मुनेश्वर सिंह।

घरों को छूती हुई 11,000 वोल्ट की जर्जर लाइन किसी भी अनहोनी को दावत दे रही है। जिसे अति शीघ्र बदलवाये जाने की आवश्यकता है।- संजीव दहिया।

कालोनी के पार्क में सफाई न होने के कारण जंगली पौधे और घास जम गई है। जिन्हें समाप्त कर सौंदर्यकरण कराया जाना चाहिए।- माया।

महादेवपुरम में सड़कों की हालत दयनीय है। सड़कों को तोड़ दिया गया लेकिन बनाया नहीं गया। कालोनी के लोगों को राहत देने के लिए सड़कों का निर्माण कराया जाए।- रंजीत सिंह।

जल निकासी न होने के कारण गंदा पानी नालियों में सड़ता है और मच्छर पनपते हैं। संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। जल निकासी के उचित प्रबंध होने चाहिए।- कैलाश त्यागी।

कालोनी का मुख्य गेट ही खराब हालत में है। कालोनी के मेन गेट को सही कराया जाये और उस कालोनी का नाम लिखा जाए।- भारत सिंह।

कालोनी साफ सफाई अभियान चलाया जाए। जिन प्लाटों में बड़ी घास उग गई है उसे साफ कराया जाए। कालोनी का सौन्दर्यकरण कराया जाए। - टीकम सिंह।

नालियों में गंदा पानी जमा रहता है। जल निकासी नहीं है। बीमारी फैलने का अंदेशा है। खराब सड़कों को निर्माण कराया जाए।- ईश्वर गुप्ता।

कालोनी से जर्जर 11 हजार की विद्युत लाइन को हटवाया जाए। कालोनी के पार्क का सौन्दर्यकरण कराया जाए। नगर पालिका के जल की आपूर्ति होनी चाहिए।- जसवंत सिंह

कालोनी में नालियों में गंदा पानी जमा है। जल निकासी नहीं हो रही है। यह बड़ी समस्या है। इस समस्या का निस्तारण बेहद जरूरी है।- शिवम सिंह

महादेवपुरम कॉलोनी में नाली बनी हुई नहीं है जिस कारण नालियों का पानी सड़कों पर आ जाता है। नई सड़के बनवाई जाए एवं सफाई निरंतर कॉलोनी में नहीं हो पाती‌। कॉलोनी में 11000 की लाइन डाली हुई है जिस कारण कोई भी अप्रिय घटना होने की संभावना बनी रहती है।- अरविंद अहलावत।

सुझाव

कालोनी में सड़कों पर अतिक्रमण साफ होना चाहिए।

पार्क और कालोनी का सौन्दर्यकरण होना चाहिए।

कालोनी में स्ट्रीट लाइट लगनी चाहिए।

आवारा गोवंश को पकड़वाया जाए।

कालोनी का मुख्य द्वार सही होकर नाम लिखा जाए।

-----

शिकायतें

कालोनी में खराब सड़क परेशानी का सबब बनी है।

स्ट्रीट लाइट न रहने से रहता है अंधेरा।

जल निकासी न होने से नालियों में जमा रहता है गंदा पानी।

कालोनी में घूमते रहते हैं आवारा गोवंश।

नगर पालिका के पानी की आपूर्ति आज तक नहीं हुई।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें