क्रिकेट के विवाद में मारपीट, पिता की मौत, पुत्र घायल
Basti News - नगर थाना क्षेत्र के फुलवरिया निषाद गांव में क्रिकेट खेलने को लेकर विवाद में मनबढ़ों ने एक युवक पर हमला कर दिया। पिता ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन उन पर भी हमला हुआ जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने...

नगर बाजार (बस्ती)। हिन्दुस्तान संवाद नगर थाना क्षेत्र स्थित फुलवरिया निषाद गांव में रविवार को मनबढ़ों ने क्रिकेट खेलने के विवाद को लेकर एक युवक पर हमला कर दिया। उसे बचाने पहुंचे उसके पिता को भी मनबढ़ों ने पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।
फुलवरिया निषाद गांव के समीप शनिवार को लड़के क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान नगर खास फुलवरिया निषाद निवासी राज और विनोद के बीच विवाद हो गया। कुछ लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत करा दिया। रविवार को दिन में तकरीबन सवा दो बजे राजू और उसके पुत्र विनोद, संतोष व अरबी लाल ने गांव में ही राज को घेर लिया और अपशब्दों का प्रयोग करते हुए उस पर हमला कर दिया। मनबढ़ राज को लात-घूसे व लाठी-डंडे से पीटने लगे। राज को पिटता देख कर उसके पिता रामसजन (55) बचाने के लिए दौड़े। वह बीच-बचाव करने लगे।
आरोप है कि मनबढ़ों रामसजन पर भी हमला कर दिया। उन्हें लाठी-डंडे से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। गंभीर चोट लगने से रामसजन मौके पर ही बेहोश होकर गिर गए। ग्रामीणों ने उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजवाया। इलाज के दौरान रामसजन की मौत हो गई। घायल राज को भी जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने रामसजन का शव कब्जे में ले लिया है। एएसपी ओपी सिंह, सीओ कलवारी प्रदीप कुमार और एसओ देवेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। रामसजन की पत्नी सुमन की तहरीर पर नगर पुलिस ने विनोद, संतोष, अरबी लाल और राजू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की कोशिश शुरू कर दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।