बाइक सवार महिला से पर्स छीनकर भागे उच्चक्के
Basti News - बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर सल्टौआ स्थित पानी की टंकी के पास बाइक सवार दो युवकों ने महिला राजकिशोरी सिंह का पर्स छीन लिया। पर्स में चार हजार रुपये और कुछ जरूरी कागजात थे। घटना की सूचना पर पुलिस ने...

बस्ती। बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर वाल्टरगंज व सोनहा थाने के बार्डर सल्टौआ स्थित पानी की टंकी के पास बाइक सवार महिला का पर्स छीनकर उच्चक्के भाग निकले। महिला अपने पति संग जा रही थी। पर्स छीनने के बाद दोनों बदमाश बाइक से सोनहा की तरफ भाग निकले। सूचना डायल 112 पर दी गई। थोड़ी ही देर में थानाध्यक्ष वाल्टरगंज उमाशंकर तिवारी, थाना प्रभारी सोनहा रमजान अली अंसारी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पंहुच गए। नाकाबंदी कर उच्चक्कों को ट्रेस करने का प्रयास किया गया। पुलिस सल्टौआ व देईपार में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला। देर रात एसओजी व स्वॉट की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। गोंडा जनपद के खोड़ारे थानाक्षेत्र के घनश्यामपुर निवासी दिनेश सिंह अपनी पत्नी राजकिशोरी सिंह को साथ लेकर बस्ती आए थे। बाइक से अपने घर जाने के लिए निकले थे। अभी वह बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के सल्टौआ स्थित पानी की टंकी के पास पंहुचे थे कि तभी पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने पीछे बैठी राजकिशोरी सिंह के हाथ से पर्स छीन लिया। अचानक हुई घटना से वह सहम गईं। दिनेश ने बाइक रोकी, तब तक दोनों बाइक सवार उच्चक्के सोनहा की तरफ फरार हो गए।
राजकिशोरी सिंह ने बताया कि पर्स में करीब चार हजार कैश था। इसके अलावा कुछ जरूरी कागजात व चाभी सहित अन्य सामान था। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद पति-पत्नी अपने घर चले गए। वाल्टरगंज व सोनहा पुलिस के साथ देर रात तक एसओजी व स्वॉट की टीम तहकीकात में जुटी रही।
सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर पर्स छिनने की घटना की सूचना पाकर वाल्टरगंज व सोनहा दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क के एक तरफ खरहरा जप्ती गांव तक वाल्टरगंज की सीमा है और दूसरी तरफ सोनहा थाने की सीमा पड़ती है। ठीक बार्डर पर यह घटना हुई है। इसे लेकर दोनों थानों की पुलिस घंटों उलझी रही। बाद में यह स्पष्ट हुआ कि घटनास्थल वाल्टरगंज थानाक्षेत्र की सीमा में पड़ेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।