कुत्तों के झुंड से बचकर भागा, वाहन की ठोकर से मौत
Basti News - मुंडेरवा के जगदीशपुर धुसवा में एक पल्लेदार की जान आवारा कुत्तों से बचते समय चली गई। जब वह कुत्तों को भगाने के लिए सड़क पर पत्थर उठाने लगा, तभी पीछे से आए दो वाहनों ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से...

मुंडेरवा (बस्ती), हिन्दुस्तान संवाद। जिले के मुंडेरवा थानांतर्गत गांधीनगर वार्ड नंबर-दस के जगदीशपुर धुसवा में कुत्तों के झुंड से बचने के चक्कर में एक पल्लेदार की जान चली गई। कुत्तों को भगाने के लिए वह सड़क पर पत्थर उठाने गया और इसी बीच एक-एक कर दो वाहनों की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल पल्लेदार को परिजना अस्पताल ले गए। यहां पहुंचने पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष अतुल कुमार अंजान ने बताया कि शव को कब्जे लेकर पीएम कराया जा रहा है। दुर्घटना कैसे हुई इसकी जानकारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। बताया जा रहा है कि मुंडेरवा थानाक्षेत्र के धुसवा निवासी लालचंद्र (45) मुंडेरवा कस्बे में पल्लेदारी का काम करके परिवार का जीवन-यापन करता था। रविवार रात को देर रात लगभग साढ़े 10 बजे वह पल्लेदारी करके घर लौट रहा था। उसी दौरान जगदीशपुर निवासी महेश के घर के सामने उसे आवारा कुत्तों ने घेर लिया। कुत्तों के हमले से बचने के लिए वह सड़क से पत्थर उठाने लगा। उसी बीच पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दिया। ठोकर लगने से वह रोड पर गिर गये। दुर्भाग्यवश उसी समय मुंडेरवा की तरफ से बस्ती जा रहे एक अन्य वाहन भी उसके ऊपर से गुजर गया। दो वाहनों की चपेट में आने से लालचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे परिजन स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले गए। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। महेश की शादी नहीं हुई थी। वह अकेले रहता था और मजदूरी करके जीवकोपार्जन करता था। वह बड़े भाई के परिवार के साथ रहता था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।