सौतेली मां और पिता पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस
Basti News - परसरामपुर के खदरा गांव में 2 फरवरी को 17 वर्षीय नेहा का शव पंखे में लटकता मिला। ननिहाल पक्ष ने पिता हरिश्चंद्र और सौतेली मां ज्ञानू देवी पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामला...

परसरामपुर (बस्ती), हिन्दुस्तान संवाद। जिले के परसरामपुर थानाक्षेत्र के खदरा गांव में गत दो फरवरी की सुबह एक किशोरी की शव घर में पंखे के कुंडे में लटकता मिला था। संदिग्ध हाल में हुई मौत के बाद मृतका के ननिहाल पक्ष ने उसकी सौतेली मां व पिता पर गंभीर आरोप लगाया था। थाना प्रभारी दिनेश चंद्र चौधरी ने बताया कि मृतका की नानी की तहरीर पर पिता हरिश्चंद्र यादव एवं सौतेली मां ज्ञानू देवी के विरुद्ध पुलिस ने आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। खदरा निवासी हरिश्चंद्र की बेटी नेहा (17) कक्षा 11 की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि नेहा हरिश्चंद्र की पहली पत्नी की बेटी थी, जिनकी मौत करीब 11 साल पहले ही हो चुकी है। बाद में हरिश्चंद्र ने दूसरी शादी कर ली। नेहा अपने पिता व सतौली मां के साथ रहती थी। दो फरवरी की सुबह पुलिस को डायल 112 के माध्यम से घटना की जानकारी मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो नेहा का शव जमीन पर रखा हुआ था। परिजनों ने बताया कि उसने छत में पंखे टांगने के लिए कुंडे में दुपट्टे का फंदा लगाकर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी पर नेहा के ननिहाल गोंडा जनपद के छपिया थानांतर्गत देवगांव से पहुंचे चचेरे मामा हीरालाल ने भांजी के साथ अनहोनी की आशंका जताई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका की नानी चन्द्रिका देवी पत्नी शिव प्रसाद निवासी देवगांव थानाक्षेत्र छपिया जनपद गोंडा ने पिता हरिश्चंद्र यादव और सौतेली मां ज्ञानू देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।