Hindi NewsUttar-pradesh NewsBasti NewsRise of Cyber Crime in Basti Investors Lose Millions in Fraud

साइबर अपराध : मुनाफे के चक्कर में हर रोज कट रही जेब

Basti News - बस्ती, हिटी। हाईटेक संसाधनों के उपयोग के बीच साइबर अपराध का दायरा भी

Newswrap हिन्दुस्तान, बस्तीMon, 21 April 2025 12:39 PM
share Share
Follow Us on
साइबर अपराध : मुनाफे के चक्कर में हर रोज कट रही जेब

बस्ती, हिटी। हाईटेक संसाधनों के उपयोग के बीच साइबर अपराध का दायरा भी बढ़ता जा रहा है। सबसे अधिक साइबर क्राइम के मामले शेयर बाजार में निवेश के नाम पर हो रहे हैं। इतना ही नहीं ठगे जाने वालों में भी बीटेक के छात्र से लेकर व्यापारी तक शामिल हैं। जिन्हें अपने जाल में फंसा पाना आसान नहीं है। लेकिन जालसाज ऐसा चक्रव्यूह रचते हैं, जिसमें एक बार फंसने के बाद पूरा बैंक खाता ही साफ हो जाता है। ठगी का शिकार होने के बाद कई लोग अपनी पहचान भी उजागर होने से कतराते हैं। इतना ही नहीं शिकायत में भी पूरा ब्योरा देने से परहेज करते हैं। बैंक से लेकर पुलिस तक अनजान लिंक, मैसेज आदि को नजरअंदाज करने की सलाह हमेशा जारी करते रहते हैं। बावजूद इसके साइबर ठगी के मामलों में कमी आने के बजाय इनमें इजाफा हो रहा है। बीते एक माह की बात करें तो करीब दस मामलों में जालसाजों ने लगभग 50 लाख का फ्राड कर चुके हैं।

शेयर मार्केट में मुनाफे के नाम पर 8.53 लाख की ठगी

बस्ती। कोतवाली थानाक्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया है कि उनके पास फोन कर शेयर मार्केट में निवेश का ऑफर दिया गया। इसके बाद विभिन्न व्हाट्सअप ग्रुप से भी जोड़ा गया। इसमें रोजाना मुनाफे से जुड़ी जानकारियां साझा की गईं। इस पर यकीन कर उन्होंने भी निवेश आरंभ कर दिया। उन्होंने आठ लाख 53 हजार रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिया। लेकिन जब निवेश किए गए पैसे को निकालना चाहा तो फ्राड की जानकारी हुई।

इंटरेस्ट अमाउंट के नाम पर गंवाए पौने नौ लाख

बस्ती। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक रहने वाले एक युवक ने तहरीर देकर बताया है कि उनके मोबाइल पर एक टेक्सट मैसेज आया। इसमें एक बैंकिंग एप के प्रयोग से मिले प्वाइंट को रिडीम करने का मैसेज आया। इसमें लिखा गया था कि प्वाइंट को रिडीम करने के बाद आपको इंटरेस्ट अमाउंट मिल जाएगा। मैसेज पर विश्वास कर उन्होंने दिए लिंक की मदद से प्वाइंट को रिडीम करना चाहा। इस लिंक की मदद से जालसाज ने उनके बैंक खाते को हैक कर लिया। थोड़ी ही देर में बैंक खाते से आठ लाख 77 हजार 359 रुपये धोखाधड़ी कर ट्रांसफर कर लिया गया।

एपीके फाइल से एक्सेस ले खाली किया खाता

बस्ती। जिले के वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के रहने वाले व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया है कि केवाईसी को अपडेट करने के लिए अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल पर एक एपीके फाइल भेजी। एपीके फाइल को डाउनलोड करते ही जालसाज को उनके बैंक खाते का एक्ससे मिल गया और उसने बैंक खाते से छह लाख 77 हजार रुपया दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिया। खाते से पैसा कटने के बाद फ्राड की जानकारी हुई।

गैस एजेंसी देने के नाम पर ठगा सवा सात लाख

बस्ती। मुंडेरवा थानाक्षेत्र के एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया है कि उनसे एक व्यक्ति ने एलपीजी गैस की एजेंसी देने के नाम पर सम्पर्क किया। बताया जा रहा है कि एजेंसी लेने के लिए नियम व शर्त की जानकारी देने के नाम पर जालसाज ने कृष्णानंद के मोबाइल पर व्हाट्सअप के जरिए एक एपीके फाइल भेज दी। इसी फाइल को डाउनलोड करते से ही सारा गोलमाल हो गया। जालसाज ने एपीके फाइल के जरिए एक्सेस लेकर उनके अलग-अलग बैंक खातों से सात लाख 32 हजार 34 रुपया ट्रांसफर कर लिया।

एक झटके में गवां दिया 10.32 लाख

बस्ती। जिले के नगर थानाक्षेत्र के रहने वाले व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया है कि ठग ने व्हाट्सअप पर संपर्क कर खुद को शेयर बाजार का एक्सपर्ट बताया। उसने कम समय में ज्यादा मुनाफे का झांसा दिया। पीड़ित को कुछ ग्रुप से भी जोड़ा गया। इन ग्रुप में मुनाफे के फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर निवेश के लिए भरोसा दिलाया गया। इसके बाद रविन्द्र ने शेयर में निवेश शुरू कर दिया। कुल दस लाख 32 हजार रुपये अपने बताए बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिया।

साइबर अपराध के प्रति लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। अनजान नंबर से आने वाले किसी भी लिंक या फाइल को डाउनलोड न करें। अगर किसी तरह की कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है तो साइबर क्राइम थाने में इसकी जानकारी दें।

सत्येन्द्र भूषण तिवारी, सीओ सिटी बस्ती

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें