हादसोंमें घायल दो लोगों की उपचार के दौरान मौत
Barabanki News - बाराबंकी में सड़क हादसे में घायल हुए दो लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गई। रोहित (20) और प्रवेश (34) की दर्दनाक घटनाओं ने उनके परिवारों में कोहराम मचा दिया। रोहित बाइक से लौटते समय और प्रवेश ट्रैक्टर...

बाराबंकी। कोठी व देवा थाना क्षेत्रों में कुछ दिन पहले सड़क हादसे में घायल हुए दो लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है। मृतकों के घरों में कोहराम मचा है। अस्पताल में हुई मौत: देवा क्षेत्र के ग्राम पीरा नगर निवासी रोहित (20) पुत्र विनोद कुमार सात अप्रैल को गांव के ही अपने दो दोस्तों के साथ टेल्को कंपनी में काम करने के बाद बाइक से वापस लौट रहे थे। किसान पथ पर अनंता धाम मंदिर के पास बाइक सवार तीनों युवक गंभीर घायल हो गए थे। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि रोहित को लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उसका उपचार चल रहा था। रविवार की सुबह रोहित की भी मौत हो गई। शव गांव पहुंचा तो घर में चीख पुकार मच गई।
घायल को अस्पताल से घर लाए थे परिजन: कोठी थाना क्षेत्र के मैकूपुरवा इब्राहिमाबाद गांव निवासी प्रवेश (34) पुत्र स्व. मोती लाल डेयरी का काम करता था। पिछले साल सात जुलाई को सदरपुर चौराहा के पास भानमऊ मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर घायल हो गया। परिजनों ने उसे हिंद अस्पताल में भर्ती कराया था। इसके बाद उसे चंदन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एक सप्ताह पहले परिजन उसे घर ले आए थे। रविवार की सुबह सात बजे प्रवेश की मौत हो गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।