अलग-अलग सड़क हादसों में 29 लोग घायल
Barabanki News - बाराबंकी में रामसनेहीघाट, दरियाबाद और बदोसराय क्षेत्र में सड़क हादसों में 29 लोग घायल हुए हैं। लखनऊ से गोरखपुर जा रही बस ब्रेक फेल होने से पलट गई। वहीं, पिकअप और ट्रैक्टर-ट्राली के हादसे में भी कई लोग...

बाराबंकी। रामसनेहीघाट, दरियाबाद व बदोसराय थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में 29 लोग घायल हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार कराया गया है। ब्रेक फेल होने से पलटी बस: अवध बस डिपो की रोडवेज बस संख्या यूपी 70 एफटी 0424 लखनऊ से 25 सवारियों को बैठाकर अयोध्या होते हुए गोरखपुर जाने के लिए निकली थी। लखनऊ अयोध्या हाइवे पर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे यह बस अहमदपुर टोल प्लाजा के लेन नम्बर नौ में जैसे ही पहुंची बस अचानक अनियंत्रित हो गई और लेन के डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। इस घटना के बाद कोहराम मच गया। अंदर यात्री चीखने चिल्लाने लगे। यह देख टोल पर तैनात कर्मचारी दौड़े। बस के पलटने से टोल प्लाजा की लेन में डीजल चारों ओर फैल गया। टोल कर्मियों ने फोन पर पुलिस को सूचना दी और अंदर फंसे यात्रियों को किसी प्रकार बाहर निकाला। बाहर आए यात्रियों में सभी सकुशल थे। हल्की-फुल्की चोटें थीं। सिर्फ एक यात्री व बस के परिचालक देवराज यादव (40) को पैर में चोट लगने से खून बह रहा था। इस पर दोनों को तत्काल टोल की गाड़ी से बनीकोडर सीएचसी भेजा गया। इस घटना को लेकर बस के चालक मनोज मिश्र ने बताया कि ब्रेक फेल होने से बस अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बस डिवाइडर से टकराई तो उसका टायर फट गया और पलट गई। एसडीएम ने सभी यात्रियों को दूसरी बस से गोरखपुर की ओर रवाना किया।
दरियाबाद संवाद के अनुसार टिकैतनगर क्षेत्र पडरावा निवासी देवीदीन के पुत्र गणेश (एक वर्ष) का मुंडन होना था। जिसकी वजह से सभी परिवारीजन व रिश्तेदार पिकअप गाड़ी से सवार होकर सिद्धौर के नंदेश्वर जाने के लिए निकले। दरियाबाद क्षेत्र के जेठूति कुर्मियान गांव के पास सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के चक्कर में पिकअप अनियंत्रित हो कर पलट गई। पिकअप के पलटते ही मौके पर चीख पुकार मच गई। आस पास के ग्रामीण मौके पर दौड़ कर आ गए और पिकअप से घायलो को निकालने लगे। पिकप में दो दर्जन के करीब लोग सवार थे। सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पहंुच गई। हादसे में 22 लोग घायल हुए। घायलों की पहचान पंसारा गाव की राजवती, नैना (नौ साल), सुधीर (छह साल), रघुवीर (नौ साल), सतरूपा पुत्री वासुदेव, जगराना, रानीमऊ की निशा, पडरावा के अभिनव, शिवरती, किंतूर की वैराना, सुनीता, दिलीप, खुशी (आठ साल), पडरावा के ही उमेश, नीता, सावित्री, रीना, बरसाती, पराना पत्नी बरसाती, बाबू पुत्र बरसाती, जगन्नाथ व प्रदीप पुत्र राम धीरज घायल हुए है। सभी घायलों को सीएचसी मथुरा नगर भेजा गया है। जहां पर जगन्नाथ, पराना , सावित्री व प्रदीप को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मुंडन समारोह में जा रहे लोग: सिरौलीगौसपुर संवाद के अनुसार बदोसराय थाना क्षेत्र में मदारपुर गांव के पास शुक्रवार की दोपहर बोलेरो सवार को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में
बुधराम (40), पृथ्वी (50), मोल्हे (50), कुँवरा (65) और राजवती (70) घायल हो गए। घायलों को संयुक्त चिकित्सालय सिरौली गौसपुर में भर्ती कराया गया है। ट्रैक्टर ट्राली में सवार लोग खैरी सुजागंज निवासी किशन (पुत्र रमेश) के मुंडन समारोह में अमराकटरा देवी माता मंदिर जा रहे थे। ट्राली में करीब 35 लोग सवार थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।