बांदा में निकाय के तीन रिक्त पदों के लिए 17 को होगा मतदान
Banda News - निर्वाचन आयोग ने बबेरू नगर पंचायत अध्यक्ष पद और नपा बांदा, नपा अतर्रा में वार्ड सदस्य पद के लिए उपचुनाव की अधिसूचना जारी की है। मतदान 17 दिसंबर को होगा। सूर्यपाल सिंह यादव की बीमारी से मृत्यु के कारण...

नगर पंचायत बबेरू अध्यक्ष पद, नगरपालिका परिषद बांदा में स्वराज कॉलोनी वार्ड-14 और नगर पालिका परिषद अतर्रा में सुदामापुरी वार्ड-चार सदस्य पद पर उपचुनाव कराने की अधिसूचना निर्वाचन आयोग ने जारी कर दी। अधिसूचना के मुताबिक, सभी रिक्त पदों पर 17 दिसंबर को मतदान कराया जाएगा। गत निकाय चुनाव में नगर पंचायत बबेरू से सपा के सूर्यपाल सिंह यादव जीते थे। बीमारी के चलते उनका निधन होने से यह पद रिक्त था। वहीं, नपा बांदा और नपा अतर्रा में एक वार्ड सदस्य पद रिक्त था। उपचुनाव को लेकर लोग तरह-तरह की कयासबाजी कर रहे थे। निकायों के रिक्त पदों पर उपचुनाव कराने की घोषणा जारी कर दी गई है। अधिसूचना के मुताबिक, 28 नवंबर से तीन दिसंबर तक सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक दावेदार नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। चार दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। छह दिसंबर को दावेदार अपना नामांकन पत्र वापस ले सकेंगे। इसी दिन दावेदारों को चुनाव चिह्न आवंटित किया जाएगा। 17 दिसंबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान कराया जाएगा। 19 दिसंबर की सुबह आठ बजे से मतगणना की जाएगी।
बीमारी से हुई थी सूर्यपाल सिंह की मौत
बबेरू नगर पंचायत अध्यक्ष रिटायर फौजी सूर्यपाल सिंह यादव की मौत बीमारी से हुई थी। वर्ष 2007 से 2012 और 2012 से 2017 तक लगातार दो बार इस पद पर रहे थे। 26 मई 2023 में तीसरी बार शपथ ली थी। कुल 15 माह 20 दिन अध्यक्ष पद पर कार्य किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।