कैसी मिटेगी महामारी, जब लोगों को है ही नहीं जानकारी

बलरामपुर। अविनाश त्रिपाठी जिले में मौसम सही होने के बाद कोविड टीकाकरण में थोड़ी...

Newswrap हिन्दुस्तान, बलरामपुरSat, 22 May 2021 09:34 PM
share Share

बलरामपुर। अविनाश त्रिपाठी

जिले में मौसम सही होने के बाद कोविड टीकाकरण में थोड़ी सी तेजी आई है। बावजूद इसके कोविड वैक्सीनेशन की गति बहुत धीमी है। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण लोगों की लापरवाही है। लोग टीकाकरण कराने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। हर दिन लक्ष्य के अनुरूप 50 फीसदी लोग टीकाकरण जिले में नहीं करवा रहे है। वहीं दूसरी ओर जिले में लगातार कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। हिन्दुस्तान ने शनिवार को पांच जगहों पर पांच रिपोर्टरों के साथ कोविड वैक्सीनेशन का जायजा लिया।

इस दौरान यह बात सामने आई कि लोग कोरोना वैक्सीनेशन कराने से कतरा रहे हैं। इसकों लेकर कई प्रकार की भ्रांतियां हैं। जिसे दूर करने में स्वास्थ्य महकमा व जिला प्रशासन पूरी तरह से नाकाम है। न ही स्वास्थ्य महकमा व जिला प्रशासन इसके लिए कोई ठोस प्रयास कर रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में वैक्सीनेशन कराने में लोग बिल्कुल भी रुचि नहीं ले रहे हैं। इनकी भ्रांतियां दूर करने के लिए जिला प्रशासन के पास कोई साधन भी नहीं है। जागरूकता के अभाव में लक्ष्य के अनुरूप लोगों को कोरोना रोधी टीका नहीं लग पा रहा है। जानकारों का कहना है कि कोविड वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। बगैर किसी भ्रांति में पड़े लोगों को आगे आकर अपना टीकाकरण कराना चाहिए। टीकाकरण ही कोरोना महामारी से बचाव का सुरक्षा कवच है। बाक्स-

स्थान-सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पचपेड़वा

समय-12:00 बजे दोपहर

पचपेड़वा में हुआ 67 लोगों का वैक्सीनेशन

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पचपेड़वा में 12 बजे तक 67 लोगों को वैक्सीन लग चुकी थी। इसके बाद स्वास्थ्य केन्द्र पर सन्नाटा पसरा हुआ था। मौसम सही होने के बाद यहां पर वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या थोड़ी सी बढ़ी है। सीएचसी अधीक्षक मिथलेश कुमार ने बताया कि जो लोग आ रहे हैं। उन्हें वैक्सीन लगाई जा रही है। साथ ही लोगों को कोविड टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

बाक्स-

स्थान-सीएचसी तुलसीपुर

समय-01:30 बजे दोपहर

95 लोगों का हुआ कोविड टीकाकरण

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तुलसीपुर में डेढ़ बजे तक 95 लोगों का टीकाकरण हो चुका था। यहां पर जिन लोगों को टीका लगाया जा रहा था, उन्हें 15 मिनट रोकने के बाद वापस कर दिया जा रहा था। सीएचसी पर पिछली दो दिनों से टीकाकरण की प्रगति काफी धीमी थी। मौसम साफ होने के बाद टीकाकरण कराने के लिए लोगों ने आना शुरू किया। यह बात और थी कि डेढ़ बजे के करीब सेंटर पर पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ था। कोई भी टीकाकरण कराने वाला नहीं था। स्वास्थ्य कर्मी लोगों के आने का इंतजार कर रहे थे।

बाक्स-

स्थान-सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रेहराबाजार

समय-01:00 बजे दोपहर

रेहरा सीएचसी पर सिर्फ 20 लोगों को लगी वैक्सीन

दिन में एक बजे के करीब हिन्दुस्तान ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रेहरा बाजार का जायजा लिया। इस दौरान सिर्फ 20 लोगों को कोविड की वैक्सीन लगाई गई थी। सेंटर पर पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ था। सीएचसी अधीक्षक डा. मंशालाल ने बताया कि सीएचसी के अंतर्गत आने वाले छह सेंटरों पर 119 लोगों का एक बजे तक टीकाकरण किया जा चुका है। यह टीकाकरण और बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को कोविड टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

बाक्स-

स्थान-प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र महराजगंज तराई

समय- 01:30 बजे दोपहर

सिर्फ 30 लोगों को लगी वैक्सीन

दिन में डेढ़ बजे तक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र महराजगंज तराई में 30 लोगों को वैक्सीन लगाई गई थी। यहां के चिकित्साधिकारी डा. सुहेल लोगों को वैक्सीनेशन के प्रति जागरूक कर रहे थे। लोगों के न आने की वजह से कर्मी स्वास्थ्य केन्द्र पर खाली बैठे हुए थे। चिकित्साधिकारी ने बताया कि जागरूकता के अभाव में लोग वैक्सीनेशन के लिए नहीं आ रहे हैं। जिन्हें वैक्सीन लगाई गई थी वह सभी पूरी तरह से सुरक्षित हैं। किसी को कोई परेशानी नहीं हुई है। ऐसी स्थिति में सभी को आगे आकर कोविड वैक्सीनेशन कराना चाहिए।

बाक्स-

स्थान-प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गुलहरिया

समय-01:30 बजे दोपहर

60 लोगों को लगी वैक्सीन

दिन में करीब डेढ़ बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गुलहरिया में 60 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई थी। जिसके बाद यहां पर सन्नाटा पसरा हुआ था। जिन्हें टीका लग चुका था, उन्हें निगरानी में रखा गया था। स्वास्थ्य कर्मी खाली बैठे हुए थे। कर्मियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र से टीकाकरण कराने के लिए बहुत कम संख्या में लोग आ रहे हैं, जिससे टारगेट को पूरा कर पाना बेहद मुश्किल हो रहा है।

बाक्स-

स्थान-प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कौवापुर

समय-01:00 दोपहर

कौवापुर पीएचसी पर हुआ सिर्फ पांच लोगों का टीकाकरण

शनिवार को हिन्दुस्तान ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कौवापुर का जायजा लिया। दो बजे तक यहां पर सिर्फ पांच लोगों का टीकाकरण हुआ था। टीकाकरण की प्रगति इतनी धीमी क्यों हैं, इसे कोई बताने वाला नहीं था। हालांकि कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्साधिकारी डा. आनंद त्रिपाठी ने बताया कि तमाम प्रयासों के बावजूद लोग काफी कम संख्या में टीकाकरण के लिए आ रहे थे। जो लोग आते हैं, उनका टीकाकरण किया जाता है।

बाक्स-

टीकाकरण के प्रति जागरूकता जरूरी

जिले में कोविड टीकाकरण की प्रगति इसलिए भी खराब है, क्योंकि इसके प्रति लोगों को जागरूक नहीं किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के लोग बिल्कुल अंजान हैं। यहां पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को जागरूक करने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। अब भी लोगों के अंदर कोविड टीकाकरण को लेकर तमाम प्रकार की भ्रांतियां हैं। जब तक यह भ्रांतियां दूर नहीं होती हैं, तब तक टीकाकरण में तेजी नहीं आएगी। ऐसे में जानकार लोगों का कहना है कि इसे लेकर जिलाधिकारी को भी गंभीर होना चाहिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रोंे में लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष अभियान चलाना चाहिए, तभी इस महामारी पर लगाम लग सकेगी।

कोट-

जिले में अधिक से अधिक लोगों के वैक्सीनेशन का प्रयास किया जा रहा है। अब तक डेढ ़ लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। लोगों को वैक्सीनेशन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। लोगों को स्वयं आगे आ करके कोरोनारोधी टीका लगवाना चाहिए।

डा. विजय बहादुर सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी बलरामपुर

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें