अग्निकांड में पांच फूस घर खाक, एक बैल की मौत, 10 मवेशी झुलसे
Balrampur News - आपदा पचपेड़वा बलरामपुर अज्ञात कारणों से लगी आग से पांच फूस घर जलकर राख

आपदा पचपेड़वा बलरामपुर
अज्ञात कारणों से लगी आग से पांच फूस घर जलकर राख हो गए। अग्निकांड में एक बैल की झुलसकर मौत हुई है, जबकि 10 मवेशी बुरी तरह झुलसे हैं। वहीं बैल को खूंट से खोलते समय एक महिला भी बुरी तरह झुलसी है। घटना नेपाल सीमा से सटे थारू ग्राम पंचायत भुसहर पुरई के मजरे डिवहरिवा गांव में शनिवार भोर चार बजे हुई है। ग्रामीण लाख प्रयास करने के बावजूद आग की लपटों के आगे नहीं टिक पा रहे थे। आग बुझाने में ग्रामीणों को खासा मशक्कत करनी पड़ी। लगभग दो घंटे बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था। पशु चिकित्साधिकारी ने मृत बैल का पोस्टमार्टम कराया है। घायल पशुओं का इलाज चल रहा है।
विकासखंड पचपेड़वा अंतर्गत नेपाल सीमा से सटे थारू ग्राम पंचायत भुसहर पुरई के मजरा डिवहरवा मे शनिवार को सुबह चार बजे अज्ञात कारणों से राम नरेश के फूस घर में आग लग गई। देखते ही देखते पांच घर आघ की चपेट में आ गए। अग्निकांड में राम नरेश पुत्र कोके, हरीराम पुत्र जग्गू प्रसाद, दुहे राम पुत्र बड़कऊ, राम मनोरथ पुत्र राम सुंदर व राम लौटन पुत्र राम सुंदर सहित पांच थारू परिवार के घर जलकर राख हो गए। वहीं हरीराम की 50 वर्षीय पत्नी अग्निकांड से बैल को बचाने के लिए उसे खूंटे से खोल रही थी, जिसके चलते वह बुरी तरह झुलस गई। महिला का इलाज कोहरगड्डी में प्राइवेट अस्पताल में इलाज के बाद घर भेज दिया गया। राम नरेश के फूस घर में बंधे बैल की आग की चपेट में आने से झुलसकर मौत हो गई। जबकि दो बैल बुलरी तरह झुलसकर घायल हो गए। इसी तरह दुहे राम की चार भैंस भी आग में बुरी तरह झुलसी हैं। यही नहीं राम मनोरथ व राम लौटन के दो-दो बैल भी आग की चपेट में आने से जुलसकर घायल हुए हैं। इसी तरह हरिराम की आठ बकरियां भी आग की चपेट में आई हैं। वह भी बुरी तरह जुलसकर घायल हुई हैं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि ग्रामीण उसे बुझाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। काफी मशक्कत करने के बाद किसी तरह ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पांच घर जलकर खाक हो चुके थे। पीड़ितों के पास घर में खाने व पहनने के लिए कुछ भी नहीं बचा है। सब कुछ आग की भेंट चढ़कर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर ग्राम पंचायत अधिकारी संजय मिश्रा, हल्का लेखपाल लल्लू लाल यादव, पशु चिकित्सा अधिकारी सुनील कुमार गांव में पहुंच गए हल्का लेखपाल ने क्षति का ऑकलन कर पीड़ित परिवारों को शीघ्र ही अहेतुक सहायता राशि दिलाने की बात कही है। पशु चिकित्सा अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि मृत बैल का पोस्टमार्टम कराया गया है। घायल पशुओं का इलाज चल रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।