Hindi NewsUttar-pradesh NewsBalia NewsGujarat Pilgrims Stranded in Traffic Jam During Religious Journey

जाम में फंसे गुजरात के तीर्थयात्री, सड़क किनारे ही बनाया-खाया

Balia News - गुजरात के श्रद्धालुओं का जत्था तीर्थयात्रा के दौरान भरौली में भीषण जाम में फंस गया। चार घंटे इंतजार के बाद श्रद्धालुओं ने सड़क किनारे खाना बनाया। महिलाओं और बच्चों को शौच की समस्या का सामना करना पड़ा।...

Newswrap हिन्दुस्तान, बलियाWed, 26 Feb 2025 11:22 PM
share Share
Follow Us on
जाम में फंसे गुजरात के तीर्थयात्री, सड़क किनारे ही बनाया-खाया

भरौली, हिन्दुस्तान संवाद। भारत भ्रमण के तहत तीर्थयात्रा पर निकले गुजरात के श्रद्धालुओं का जत्था बुधवार की सुबह स्थानीय चौराहा पर वाहनों के भीषण जाम में फंस गया। करीब चार घंटों के इंतजार के बाद भी जब कोई राहत नहीं मिली तो श्रद्धालुओं ने सड़क किनारे ही डेरा जमा लिया। सिलेंडर-चूल्हा उतारा और खाना बनाया-खाया। इस दौरान जत्थे में शामिल महिलाओं और बच्चों को शौच आदि को लेकर काफी परेशान होना पड़ा। गुजरात के अहमदाबाद से तीर्थाटन पर निकले एक बस के यात्री आगरा, मथुरा, वृंदावन होते हुए गया (बिहार) जा रहे थे। इस बीच, प्रयागराज से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं के वाहनों तथा बुधवार को महाशिवरात्रि के चलते जगह-जगह निकली शिव बरात के कारण भरौली चौराहा से लेकर पुल होते हुए बक्सर तक जाम लग गया। भीड़ के चलते भरौली में नये पुल पर सुबह करीब छह बजे से आवागमन पूरी तरहत ठप हो गया। लिहाजा बिहार की तरफ जाने वाली बड़ी गाडियां जहां की तहां रूक गयीं। छोटे वाहनों का पुराने पुल से आवागमन होता रहा। जबकि एनएच-31 पर गाजीपुर से भरौली की तरफ एक लेन पर बड़े वाहनों के पहिए सुबह से ही थम गए। जाम बढ़ने पर एएसपी, सीओ सदर व नरही पुलिस ने मोर्चा संभाला और चौराहे को खाली करवाया। इसके बाद छोटी गाडियां बड़ी मशक्कत के बाद आगे बढ़ीं। हालांकि बड़े वाहन फंसे रहे। इस बीच, तीर्थयात्रियों से भरी बस के यात्री करीब चार बजे तक जाम में फंसे रहने के चलते सुबह दस बजते-बजते परेशान हो उठे। जब उन्हें एहसास हो गया कि जाम शाम से पहले नहीं खुलने वाला तो गैस सिलेंडर व चूल्हा निकालकर हाइवे के किनारे ही खाना बनाने लगे।

बस की यात्री सुष्मिता बेन ने बताया कि कुल 40 लोग हैं। गया जाना है। जाम के कारण फंसे होने से खाने-पीने का जुगाड़ करना पड़ रहा है। उसी बस में मौजूदा शिकागो से आयी एनआरआई अंजलि बेन ने बताया कि बस में बच्चे व महिलाएं भी हैं। यहां आसपास में कोई सार्वजनिक शौचालय आदि नहीं होने से परेशानी हो रही है। छोटे-छोटे बच्चे चिप्स, समोसे, बिस्किट आदि खाते दिखे। शाम के चार बजे तक बस जस की तस चौराहा पर ही खड़ी रही।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें