बारिश से जगह-जगह जलभराव, सड़कों पर फैला कीचड़
Bagpat News - बागपत के लोगों को रविवार रात को तेज आंधी और बारिश से राहत मिली। बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव और कीचड़ फैल गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। तापमान में गिरावट आई, अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 18...

गर्मी की मार झेल रहे बागपत के लोगों को रविवार की देररात राहत मिल गई। जिलेभर में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। जिससे जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। बारिश से सड़कों पर जगह-जगह जलभराव और कीचड़ फैल गया। जिसके चलते लोगों आवागमन भी प्रभावित बना रहा। बारिश और तेज आंधी से तापमान में काफी गिरावट आई। जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग की मानें, तो दो दिनों तक आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है। पिछले कई दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कभी आसमान में बादल छा रहे है, तो कभी तेज धूप निकल रही है।
परवा हवा चलने के कारण तापमान में गिरावट आई हुई थी, जिससे लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिली हुई थी। इसी बीच रविवार की रात एकाएक मौसम बदल गया। तेज आंधी के साथ जिलेभर में बारिश शुरू हो गई। आंधी-बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल गई। अधिकतम तापमान में दो डिग्री और न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, बारिश के चलते शहर से लेकर देहात क्षेत्र तक में जलभराव और कीचड़ की समस्या बन गई। निवाड़ा गांव की सड़कों पर बारिश से जलभराव हो गया, वहीं, बागपत शहर की निचली बस्तियों में भी जलभराव की समस्या बन गई। जिसके चलते लोगों को आवागमन के समय दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सिसाना गांव में दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाइवे पर भी जलभराव हो गया। जिसके चलते वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। ------ बड़ौत के मुख्य मार्ग पर जलभराव बड़ौत। रविवार रात हुई बारिश ने शहर के मुख्य मार्ग पर जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा कर दी, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं शहर के विभिन्न हिस्सों में चल रहे निर्माण कार्यों के कारण निर्माणाधीन मार्गों पर कीचड़ जमा हो गई, जिससे स्थिति और भी बदतर हो गई है। जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इन मार्गों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए और कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही। नेहरू रोड पर मीरापुर रजवाहे के पुल से लेकर गुराना रोड नहर की पटरी तक जल भराव व कीचड़ की स्थिति बनी रही। जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।