एक्सीलेंस अवार्ड 2025 से नवाजे गए एसआई रणजीत यादव
Ayodhya News - अयोध्या के उपनिरीक्षक रणजीत यादव को भारतीय जन सेवा मिशन द्वारा एक्सीलेंस अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया। उन्होंने 75 गरीब बच्चों को 2021 से निशुल्क शिक्षा दी और उनकी जरूरतें पूरी की। यादव ने 28...

अयोध्या, संवाददाता। नई दिल्ली के कांस्टीट्यूशनल क्लब में रविवार को भारतीय जन सेवा मिशन द्वारा अपने पांचवें स्थापना दिवस पर पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय अयोध्या में नियुक्त खाकी वाले गुरूजी के नाम से प्रसिद्ध उपनिरीक्षक रणजीत यादव को उनके सराहनीय कार्यों के लिए एक्सीलेंस अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री डीपी यादव और इंजीनियर लख्मी चंद की ओर से प्रदान किया गया। प्रतिभा सम्मान समारोह के इस कार्यक्रम में सराहनीय कार्य करने वाले देश के कुल 40 लोगों को सम्मानित किया गया। अपनी ड्यूटी को वरीयता देते हुए अयोध्या के जयसिंह वार्ड की मलिन बस्ती के गरीब असहाय और भिक्षावृत्ति से जुड़े 75 बच्चों को 2021 से निशुल्क शिक्षण प्रदान करने के साथ ही उन्हें कॉपी, किताब, पेंसिल, रबर, कटर, पेन, झोला, वस्त्र, चप्पल इत्यादि भी लोगों के सहयोग से निःशुल्क प्रदान किया जाता है। घाटों और मंदिरों के आस-पास बड़े बुजर्गों के साथ छोटे-छोटे बच्चों को भी भिक्षावृत्ति करते हुए देखा तो इन बच्चों की जिंदगी बदलने का संकल्प लिया था। उन्होंने शिक्षा की इस मुहिम को अपना स्कूल नाम दिया है। रणजीत यादव ने मलिन बस्ती के बच्चों के माता-पिता को जागरूक करके 28 बच्चों का एडमिशन नजदीक के सरकारी स्कूल में करा देने के बाद बच्चे रोजाना स्कूल जा रहे हैं। पुलिस की व्यस्ततम ड्यूटी से समय निकाल कर वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा देने के कारण अयोध्या वासी प्यार से इन्हें ‘खाकी वाले गुरुजी नाम से बुलाते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।