Hindi NewsUttar-pradesh NewsAyodhya News425 Special Buses for Holi Festival Travel in Ayodhya

होली पर्व पर 425 स्पेशल रोडवेज बसें चलाई जाएंगी

Ayodhya News - अयोध्या में होली पर्व के दौरान यात्रियों के लिए 425 विशेष बसें चलायी जाएंगी। 8 से 18 मार्च तक विभिन्न मार्गों पर बसों का संचालन होगा, खासकर लखनऊ और कानपुर की दिशा में। परिवहन निगम के अधिकारियों ने...

Newswrap हिन्दुस्तान, अयोध्याFri, 7 March 2025 12:50 AM
share Share
Follow Us on
होली पर्व पर 425 स्पेशल रोडवेज बसें चलाई जाएंगी

अयोध्या, संवाददाता। होली पर्व पर यात्रियों के सफर के लिए परिवहन निगम अयोध्या परिक्षेत्र की 425 स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। बसों के संचालन के लिए रोडवेज के अफसरों ने खाका तैयार कर लिया है और बसों के संचालन के लिए डिपोवार आवंटन कर दिया गया है। आठ से 18 मार्च तक होली स्पेशल बसों का विभिन्न मार्गों पर संचालन किया जाएगा। पर्व पर यात्रियों के दबाव के मद्देनजर लखनऊ और कानपुर पर खास फोकस किया गया है। यहां से विभिन्न डिपो की 160 बसों का संचालन किया जाएगा। जबकि अयोध्या से लखनऊ के लिए 10 शटल बसें भी चलाई जाएंगी। होली पर्व पर यात्रियों को सुगम सफर की सुविधा के लिए गुरूवार को अयोध्या के आरएम विमल राजन की अध्यक्षता में परिक्षेत्र के अयोध्या, सुलतानपुर, अकबरपुर व अमेठी डिपो के एआरएम के साथ बैठक हुई। इसमें परिवहन निगम मुख्यालय की गाइडलाइन का पाठ- पढ़ाते हुए अनुपालन का निर्देश दिया गया। बैठक में डिपोवार बसों के आवंटन और निर्धारित मार्ग पर बसों का संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। मालूम हो कि होली पर्व पर सर्वाधिक बसें लखनऊ और कानपुर के लिए चलाई जाएगी, क्योंकि पश्चिमी जिले की रोडवेज बसें दिल्ली व अन्य स्थानों से यात्रियों को लखनऊ व कानपुर तक पहुंचा देती है, लेकिन यहां से यात्रियों को सफर में दिक्कत होती है। इसलिए पर्व पर दबाव के लिहाज से लखनऊ और कानपुर से अधिक बसों के संचालन का फैसला लिया गया है। बैठक में सेवा प्रबंधक नीरज सोनकर, एआरएम अयोध्या डिपोआदित्य प्रकाश, अकबरपुर डिपो कुंवर हरिओम श्रीवास्तव, अमेठी डिपो के एआरएम काशी प्रसाद, सुल्तानपुर डिपो के एआरएम वीके श्रीवास्तव व अन्य मौजूद रहे।

संचालन के लिए डिपोवार बसों का आवंटन

अयोध्या। रोडवेज बस के संचालन के लिए अयोध्या डिपो की अयोध्या- दिल्ली 10 बसें, अयोध्या- कानपुर 14 बसें, अयोध्या- लखनऊ- गोरखपुर 17 बसें, अयोध्या- बहराइच 16 बसें, अयोध्या- कानपुर- गोरखपुर 10 बसें, अयोध्या- लखनऊ- आजमगढ़ 14 बसें, अयोध्या- बनारस 10 बसें, अयोध्या- लखनऊ (शटल सेवा) 10 बसें, सुल्तानपुर डिपो की सुल्तानपुर- दिल्ली 10 बसें, सुल्तानपुर- कानपुर 15 बसें, सुल्तानपुर- लखनऊ 33 बसें, सुल्तानपुर- बनारस 20 बसें, अकबरपुर डिपो की अकबरपुर- दिल्ली 10 बसें, अकबरपुर- कानपुर- बलिया 15 बसें, अकबरपुर- लखनऊ 26 बसें, अकबरपुर-टाण्डा- प्रयागराज 10 बसें, अमेठी डिपो की अमेठी- दिल्ली दो बसें, अमेठी- लखनऊ- कानपुर छह बसें, अमेठी- सुलतानपुर- गोरखपुर पांच बसें व अमेठी- बनारस दो बसें चलाई जाएंगी।

रोडवेज कर्मियों का अवकाश निरस्त

अयोध्या। परिवहन निगम मुख्यालय के निर्देश पर होली पर्व के मद्देनजर बसों का संचालन सुचारू रूप से कराने के लिए रोडवेज कर्मियों का अवकाश निरस्त रहेगा। आरएम विमल राजन ने बताया कि अपरिहार्य कारणों पर ही अवकाश मिलेगा। डय्टी न करने पर रोडवेज कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए यह निर्णय लिया गया है, ताकि बसें ऑनरोड रहें।

डिपोवार चालकों की भर्ती के लिए लगेगा कैम्प

अयोध्या। अयोध्या परिक्षेत्र में चालकों की भर्ती के लिए डिपोवार प्लान बनाया गया है। अयोध्या और अमेठी डिपो में प्रत्येक बुधवार, सुलतानपुर और अकबरपुर डिपो में प्रत्येक शुक्रवार को भर्ती की जाएगी।

अयोध्या डिपो की 21 बसों का संचालन ठप, नोटिस जारी

अयोध्या। परिवहन निगम अयोध्या डिपो की 21 बसों को संचालन ठप हो गया है। इसमें तमाम ऐसी बसें शामिल हैं जो जनवरी माह से ही संचालित नहीं की जा सकी है। अयोध्या परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन की असंचालित बसों की समीक्षा में बसों का संचालन ठप होने का मामला उजागर हुआ। आरएम ने अयोध्या डिपो के एआरएम आदित्य प्रकाश को कड़े शब्दों में पत्र लिखकर सप्ताहभर में बसों को संचाल सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं, हालांकि बसों के संचालन न होने की वजह डिपो में चालक और परिचालकों का अभाव बताया जा रहा है फिलहाल बसों के संचालन के लिए शुक्रवार तक एआरएम से कार्ययोजना मांगी गई है। पत्र में बसों का संचालन सुनिश्चित न कराने पर प्रतिकूल संज्ञान लेने की चेतावनी दी गई है। आरएम ने बताया कि चालक-परिचालकों की कमी पूरा करने के लिए भर्ती की जाएगी। शुक्रवार तक बसों के संचालन के लिए एआरएम से कार्ययोजना मांगी गई है।

---

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।