तेज हवाओं से बदला मौसम का मिजाज, बने बारिश के आसार
Amroha News - जिले में मौसम में बदलाव हो रहा है। तेज हवाओं के कारण ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में तापमान में गिरावट रहेगी और 19 फरवरी को हल्की बारिश की संभावना है। किसानों को फसलों की...
जिले में मौसम बदलाव के दौर से गुजर रहा है। 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही तेज हवाओं ने ठंडक बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार स्थिति अगले दो दिनों तक ऐसी ही बनी रहेगी। तापमान में गिरावट संग 19 फरवरी को पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। शनिवार सुबह से जिले में मौसम की चाल बदली नजर आई। आसमान में घने बादल छा गए। धूप नहीं खिलने से मौसम में ठंडक घुल गई। मौसम के बदले मिजाज को देख सरसों उत्पादक किसानों की नुकसान को लेकर चिंता बढ़ गई है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 19 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अमरोहा समेत मेरठ, मुरादाबाद, बरेली व आगरा जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 17 व 18 फरवरी को पश्चिमी यूपी में सुबह व रात के समय हल्का कोहरा भी छा सकता है। इस मौसमी बदलाव के कारण फसलों पर भी प्रभाव पड़ सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे गेहूं और अन्य रबी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएं। पछुआ हवा के प्रभाव से दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश की संभावना भी बनी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।