Sudden Rise in Tighri Ganga Water Level Causes Alarm Among Locals अचानक बढ़ा तिगरी गंगा का जलस्तर, मची खलबली, Amroha Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsAmroha NewsSudden Rise in Tighri Ganga Water Level Causes Alarm Among Locals

अचानक बढ़ा तिगरी गंगा का जलस्तर, मची खलबली

Amroha News - गजरौला, संवाददाता। सोमवार सुबह अचानक तिगरी गंगा का जलस्तर बढ़ गया। पुरोहित गंगा किनारे पहुंचे तो झोपड़ियों में पानी भरा देख खलबली मच गई। स्थानीय लोगों

Newswrap हिन्दुस्तान, अमरोहाTue, 29 April 2025 03:11 AM
share Share
Follow Us on
अचानक बढ़ा तिगरी गंगा का जलस्तर, मची खलबली

सोमवार सुबह अचानक तिगरी गंगा का जलस्तर बढ़ गया। पुरोहित गंगा किनारे पहुंचे तो झोपड़ियों में पानी भरा देख खलबली मच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों में जलस्तर कभी नहीं बढ़ता है। अचानक जलस्तर बढ़ने पर लोग चिंतित हैं। बिजनौर बैराज से पानी छोड़ने के बाद तिगरी गंगा का जलस्तर बढ़ जाता है। हालांकि बाढ़ खंड विभाग बढ़ने वाले जलस्तर का रिकार्ड दर्ज करता है। सोमवार सुबह अचानक से तिगरी गंगा का जलस्तर बढ़ गया। सुबह में पुरोहित व स्थानीय लोग गंगाघाट के किनारे पहुंचे तो जलस्तर बढ़ा देख खलबली मच गई। पानी पुरोहितों की झोपड़ियों तक में भर गया था। इस बावत बाढ़ खंड विभाग के जेई सुभाष कुमार ने बताया कि कालागढ़ डैम से नहर में पानी छोड़ा गया है, जिसके चलते तिगरी गंगा का जलस्तर कुछ बढ़ गया है। चार हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, अब जलस्तर नहीं बढ़ेगा। चिंता जैसी कोई बात नहीं है।

गंगा किनारे खड़ी फसल नष्ट होने का अंदेशा

गजरौला। तिगरी गंगा का जलस्तर बढ़ने पर आसपास के खेतों में फसलों के नष्ट होने का अंदेशा बना है। जिसके चलते किसानों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि गंगा की धार अभी फसलों से दूर है लेकिन किसानों में चिंता बढ़ गई है। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

तिगरी गंगा का जलस्तर बढ़ने पर परेशानी का सामना करना पड़ता है। सोमवार सुबह जलस्तर बढ़ने पर परेशानी हुई थी। दुकान भी पीछे हटानी पड़ी थी। बरसात के मौसम में कई बार दुकान आगे पीछे हटानी पड़ती है। जलस्तर से बचाव के लिए स्थाई व्यवस्था होनी चाहिए।

मनोज कुमार

जलस्तर बढ़ने पर वर्ष में कई बार पुरोहितों की झोपड़ियों में पानी भर जाता है। ऐसे में परेशानी बढ़ जाती है। गंगास्नान करने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। रास्ते में जलभराव से निजात मिलनी चाहिए।

तरूण शर्मा

जलस्तर बढ़ने व घटने पर पुरोहितों को परेशान होना पड़ता है। गंगास्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं को भी परेशान होना पड़ता है। गंगा के पक्के घाट बन जाएं तो दिक्कत से निजात मिल जाएगी।

मयंक कुमार

इस मौसम में जलस्तर बढ़ने की उम्मीद नहीं होती लेकिन सोमवार को अचानक से जलस्तर बढ़ने पर लोग बुरी तरह घबरा गए हैं। फसलों में नुकसान होने का अंदेशा बना है। इस संबंध में बाढ़ खंड अधिकारी से बात की गई है। उनका कहना है कि अब जलस्तर नहीं बढ़ेगा।

अंकित शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।