बोले अम्बेडकरनगर:पार्किंग, पेयजल व अतिक्रमण है लोगों के लिए बड़ी समस्या
Ambedkar-nagar News - अम्बेडकरनगर के शहजादपुर बाजार में शौचालय की कमी से महिलाओं और बुजुर्गों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बाजार में भीड़ बढ़ने पर यह समस्या और भी बढ़ जाती है, जिससे असहज स्थिति उत्पन्न होती...

अम्बेडकरनगर। जिले की प्रमुख बाजार में शुमार शहजादपुर में शौचालय की सबसे बड़ी समस्या है। सबसे बड़ी व प्रमुख बाजार का दर्जा मिलने के बाद भी शौचालय की समुचित व्यवस्था का न होना जिम्मेदारों की गंभीरता पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा हो रहा है। शौचालय न होने से सबसे अधिक समस्या महिलाओं व बुजुर्गों को होती है। जिले की सबसे बड़ी शहजादपुर बाजार में बड़ी संख्या में खरीदारी के लिए युवतियां व महिलाएं पहुंचती हैं। वैसे तो प्रतिदिन दुकानों पर महिलाओं की भीड़ दिखती है, लेकिन पर्व के मौकों पर इनकी संख्या अप्रत्याशित रूप से बढ़ जाती है। इसमें न सिर्फ अकबरपुर, बल्कि जिले के दूरदराज के क्षेत्र से भी महिलाएं शामिल रहती हैं।
बड़ी संख्या में युवतियों व महिलाओं के बाजार में पहुंचने के बाद भी शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में अक्सर उन्हें असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। महरुआ की रीना व गौहन्ना की शीला कहती हैं कि महिलाओं के हित की बातें तो बढ़ चढकर की जाती हैं, लेकिन शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा शहजादपुर बाजार में उपलब्ध कराने की सुध जिम्मेदारों को नहीं है। अकबरपुर की सीमा व नगमा कहती हैं कि इस तरफ भी जिम्मेदारों को ठोस कदम उठाना चाहिए। घर घर शौचालय निर्माण की बातें तो की जाती हैं, लेकिन शहजादपुर के अलावा अन्य प्रमुख बाजारों में शौचालय की समुचित व्यवस्था किए जाने की सुध जिम्मेदारों को नहीं है। समय समय पर बुलंद होती रहती है समस्याएं दूर करने की आवाज: पेयजल, साफ सफाई, सुचारु बिजली आपूर्ति समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की मांग को लेकर अक्सर व्यवसाई आवाज बुलंद करते रहते हैं। जिम्मेदारों के साथ होने वाली बैठकों में भी समस्याओं को रखा जाता है। जिम्मेदारों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा जाता है, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिलता है। उद्योग बंधु की बैठक के दौरान भी समस्याओं को व्यापारी प्रमुखता से उठाते हैं। ऐसी बैठकों में व्यापारियों को आश्वस्त किया जाता है कि उनकी समस्याएं दूर हो जाएंगी। हालांकि बाद में इसे भुला दिया जाता है। अक्सर व्यापारी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए धरना प्रदर्शन भी करते हैं। हालांकि इसके बाद भी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। मौजूदा समय में भीषण गर्मी का दौर चल रहा है। तमाम मांग के बाद भी एक तरफ जहां बिजली व्यवस्था चरमरा गई है, तो वहीं पेयजल समस्या भी बनी हुई है। अकबरपुर के सुशील कुमार, रणविजय, बिपिन कुमार, धर्मेंद्र कुमार, रवि कुमार कहते हैं कि व्यापारियों के हित की बातें तो बढ़ चढ़कर की जाती है, लेकिन इसे जमीनी हकीकत देने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जाता है। जिम्मेदारों के साथ होने वाली बैठकों में से भी कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आता है। जर्जर केबल का मकड़जाल बन रहे हादसे का सबब:शहजादपुर जैसी प्रमुख बाजार में ही जगह जगह जर्जर केबल का मकड़जाल फैला हुआ है। अक्सर ऐसे केबल टूटकर गिरते रहते हैं। यह संयोग ही रहता है कि इससे कोई बड़ा हादसा नहीं होता है। इसकी शिकायत जिम्मेदारों से की भी जाती है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। उपभोक्ताओं को सुचारु बिजली उपलब्ध कराने के लिए पावर कारपोरेशन बढ़ चढकर दावे करता है। जर्जर हो चुके उपकरणों, तारों व केबल को बदलने का दावा किया जाता है। हालांकि जमीनीस्तर पर देखा जाए, तो सच्चाई कुछ अलग ही है। शजादपुर में जगह जगह जर्जर हो चुके केबल का जाल आसानी से देखा जा सकता है। अक्सर ऐसे केबल टूटकर गिरते रहते हैं। इससे न सिर्फ बिजली आपूर्ति बाधित होती है, बल्कि हादसे की भी आशंका बनी रहती है। जर्जर हो चुके केबल को बदले जाने की मांग समय समय पर व्यापारियों द्वारा बैठक कर उठाई जाती है, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। शहजादपुर के रहमान व अरविंद ने कहा कि भीषण गर्मी में गुणवत्ताविहीन बंच कंडक्टर पिघलकर गिर रहे हैं। शार्ट सर्किट होता है। इससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। जिम्मेदारों को इस तरफ ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। बोले लोग: नगर के शहजादपुर बाजार में हजारों लोगों का प्रतिदिन आवागमन होता है। लेकिन यहां पार्किंग की व्यवस्था न होने से लोगों को खासी मुश्किल होती है। छोटे बड़े वाहनों की भीड़ से जाम का संकट उत्पन्न हो जाता है। यदि पार्किंग की व्यवस्था हो जाए तो काफी राहत मिलेगी। कुलदीप कुमार नगर पालिका द्वारा नगर में पेयजल की व्यवस्था तो की गई है लेकिन शहजादपुर बाजार में यह व्यवस्था ठीक नहीं है। एक दो वॉटर कूलर से काम चलने वाला नहीं है। इंडिया मार्का हैंडपंप भी नहीं लगवाए गए हैं, जिससे लोग पानी ले सकें। इस भीषण गर्मी में पानी को लेकर काफी दिक्कत है। राहुल बिजली आपूर्ति व्यवस्था गर्मी में बेपटरी हो गई है। रोस्टर के अनुरूप बिजली नहीं मिल पा रही है। जर्जर तार व अन्य उपकरण भी सुचारु आपूर्ति व्यवस्था में अवरोध बने हुए हैं। इसके बाद भी ऐसे तारों व उपकरणों को बदलवाने की सुध नहीं है। तारों के मकड़जाल से हमेशा डर बना रहता है। गौतम निषाद शहजादपुर बाजार में प्रतिदिन हजारों लोग खरीदारी करने के लिए पहुंचते हैं। यहां सराफा की दुकानों के अलावा कई अन्य प्रतिष्ठान हैं। लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता न होने से काफी समस्या होती है। लोगों ने कई बार मांग भी की, लेकिन ज्यादा गंभीरता नहीं दिखाई गई। रंजीत कुमार नगर में सफाई व्यवस्था और बेहतर करने की जरूरत है। कूड़ा कचरा उठाने में मनमानी बरती जाती है। इससे लोगों को काफी परेशानी होती है। सफाई व्यवस्था बेहतर रहेगी तो कई समस्याओं से बचा जा सकता है। नगर पालिका प्रशासन को इसमें और गंभीरता दिखाने की जरूरत है। परमात्मा बारिश के समय सब्जी मंडी क्षेत्र में जलभराव होने से लोगों को व्यापक मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। नालियों से गंदगी बहकर सड़क पर जम जाता है। इससे न सिर्फ ग्राहकों बल्कि दुकानदारों को मुश्किल होती है। जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने की जरूरत है। सुरजीत कुमार बेतरतीब खड़े वाहनों से अक्सर लोगों को समस्या होती है। दुकानों के सामने लोग जैसे पाते हैं, उसी तरह वाहन खड़ा कर देते हैं। कई बार तो चार पहिया वाहन चालक सड़क किनारे वाहन खड़ा कर चले जाते हैं, जिससे अन्य वाहनों को गुजरने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। इससे जाम भी लग जाता है। प्रेमचन्द शहजादपुर बाजार में शौचालय की व्यवस्था बेहतर नहीं है। जो है भी वह बदहाल पड़ा है। इससे सबसे ज्यादा मुश्किलें बुजुर्गों व महिलाओं को होती है। जिम्मेदारों को चाहिए कि कुछ नए शौचालयों का निर्माण कराएं और जो हैं, उसे बेहतर कराया जाए। नियमित साफ सफाई भी कराएं। विवेक कुमार नगर के बाजारों में कई स्थानों पर सड़कों के टूट जाने से आवागमन में दिक्कत होती है। झटका लगने से लोग अनियंत्रित होते रहते हैं। ऐसे में जिन स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हैं वहां उसकी मरम्मत कराई जाए, जिससे लोग सुचारु आवागमन कर सकें। ऐसा होने लोगों को राहत मिलेगी। गोकुल यादव शहजादपुर समेत नगर की अलग अलग बाजार में तारों का मकड़जाल नहीं हटाया जा रहा है। इससे आये दिन शार्ट सर्किट उत्पन्न होता रहता है। कई बार बिजली आपूर्ति बाधित होती रहती है। इससे खासी परेशानी होती है। ऐसे में जिम्मेदारों को चाहिए कि खंभों से तारों का मकड़जाल हटवाएं। ताहिर रजा बाजार में कई तरह की परेशानी है, लेकिन उसका समुचित समाधान नहीं हो पाता है। ऐसा नहीं कि जिम्मेदारों से शिकायत नहीं की जाती, फिर भी लापरवाही दिखाई जाती है। बिजली, जलभराव व सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर करना होगा। इसके लिए जिम्मेदारों को गंभीरता दिखानी होगी। सुधीर गौड़ पार्किंग की व्यवस्था न होने से अक्सर नगर की बाजारों में जाम लगता रहता है। इससे लोगों को इस गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ती है। पसीने से तरबतर होना पड़ता है। यदि पार्किंग का निर्माण करवा दिया जाए तो समस्या का समाधान हो जाए और जाम का संकट भी काफी कम हो जाएगा। मुकेश गौड़ बोले जिम्मेदार: इस बारे में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश वर्मा कहते हैं कि व्यापारियों, दुकानदारों व उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराई जा रही हैं। शहजादपुर व बस स्टेशन जैसे क्षेत्र में पेयजल, साफ सफाई, बिजली आदि की समुचित व्यवस्था की गई है। अत्यंत व्यस्ततम बाजार होने के चलते पार्किंग की व्यवस्था का प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र ही इस समस्या को भी दूर कर लिया जाएगा।' चंद्रप्रकाश वर्मा, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद अकबरपुर
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।