Hindi NewsUttar-pradesh NewsAligarh NewsSuspicious Death of AMU Student Allegations of Murder Amid Suicide Claims

होस्टल परिसर में लटका मिला एएमयू छात्र का शव, हत्या का आरोप

Aligarh News - फोटो : - मुमताज होस्टल में रह रहा था छात्र, परिसर के एकांत पड़े

Newswrap हिन्दुस्तान, अलीगढ़Fri, 21 Feb 2025 08:04 PM
share Share
Follow Us on
होस्टल परिसर में लटका मिला एएमयू छात्र का शव, हत्या का आरोप

फोटो : - मुमताज होस्टल में रह रहा था छात्र, परिसर के एकांत पड़े बरामदे में लटका मिला शव

- प्लास्टिक की रस्सी से कुंदे पर लगाया था फंदा, जमीन पर थे पैर, भाई ने लगाया आरोप

- पुलिस ने कहा- छात्र ने की आत्महत्या, कारण स्पष्ट नहीं, हत्या के बिंदु पर कर रहे जांच

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता।

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) से एमए कर रहे एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह उसका शव होस्टल परिसर में ही एकांत पड़े बरामदे में प्लास्टिक की रस्सी से लटका मिला। पैर जमीन पर थे। पुलिस का कहना है कि छात्र ने आत्महत्या की है। लेकिन, उसके भाई ने हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया है। इस बिंदु पर भी पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

लखीमपुर खीरी के गांव कस्ता निवासी 26 वर्षीय शाकिर सुन्नी इथोलॉजी से एमए प्रथम वर्ष के छात्र थे। वह आफताब हाल के मुमताज होस्टल के कमरा नंबर 34 में रहते थे। साथ में बिहार के सिद्दुल मुंतहा, सहारनपुर के बदरे आलम व असम के आमान भी रहते थे। छह माह से शाकिर के भतीजा सादमान भी उनके साथ रह रहे थे, जो नौवीं में परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। वहीं, फुफेरे भाई मोहम्मद जैद भी एक माह दिन से उन्हीं के साथ रहने लगे। जैद 12वीं के छात्र हैं और अल्लामा इकबाल होस्टल में रहते हैं। जैद ने बताया कि वह, सादमान व शाकिर साथ में शमशाद मार्केट स्थित लाइब्रेरी में रात में पढ़ते जाते थे। चूंकि शाकिर दिन में क्लास करते थे और शाम को जमालपुर में बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाते थे। ऐसे में वे 10 दिन से रात में नहीं जा पा रहे थे। गुरुवार रात करीब नौ बजे शाकिर लघुशंका की कहकर निकले। इस बीच सादमान व जैद की आंख लग गई। रात 12 बजे उठे, मगर शाकिर नहीं आए। फोन लगाया तो संपर्क नहीं हो सका। उन्हें लगा कि शाकिर टहलने निकल गए होंगे। इसके बाद वे लाइब्रेरी में चले गए। शुक्रवार सुबह सात बजे लौटे। फिर भी शाकिर नहीं मिले तो शक हुआ। फिर लगा कि वह किसी अन्य छात्र के कमरे में सो गए होंगे। नाश्ता करने के बाद जैद भी सो गए। करीब नौ बजे छात्रों ने आकर उन्हें उठाया। मौके पर जाकर देखा तो शाकिर का शव परिसर में कमरा नंबर एक के पीछे खाली पड़े बरामदे में लटका था। प्लास्टिक की रस्सी से कुंदे पर फंदा लगाया गया था। जानकारी पर सीओ तृतीय अभय कुमार पांडेय, इंस्पेक्टर सिविल लाइन राजवीर सिंह परमार पहुंचे। फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव को उतारा गया। जैद ने किसी भी तरह के तनाव से इन्कार किया है। शव को देखकर उन्होंने हत्या का आरोप लगाया है।

झाड़ियों से सटा है घटनास्थल, किसी की नजर नहीं पड़ी

माना जा रहा है कि छात्र की मौत रात में हो गई थी। जिस जगह शव लटका था, वह होस्टल का अंतिम छोर है। बराबर में झाड़ियां हैं, जिसके चलते किसी की नजर नहीं पड़ी। यहां कोई आता-जाता भी नहीं है। बिजली का बोर्ड भी लगा है।

जैद ने कहा- रस्सी के अलावा गले में रिबन भी बंधा मिला

पुलिस द्वारा आत्महत्या करार देने पर जैद ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि शाकिर के गले पर रस्सी के अलावा अंदर रिबन भी बंधा मिला है। इससे लग रहा है कि पहले रिबन से पीछे से किसी ने गला घोंटा। दूसरा, करीब 15 फीट से अधिक ऊपर लगे कुंदे पर प्लास्टिक की रस्सी को बांधा गया था। अकेला व्यक्ति इसे कैसे बांध सकता है? शाकिर के पैर जमीन पर थे। अगर आत्महत्या होती तो शव लटका होता। तीसरा, शरीर अकड़ा हुआ था। इससे लग रहा है कि करीब 10 घंटे पहले ही मौत हो गई। इनके अलावा शाकिर क पिता भट्ठा कारोबारी है। शाकिर किसी भी स्थिति (मानसिक, शारीरिक या आर्थिक) से तनाव में नहीं थे। न ही किसी से अफेयर या दुश्मनी की बात सामने आई है।

पुलिस का दावा- खिंच सकती है रस्सी, इसलिए जमीन पर आए पैर

पुलिस का दावा है कि छात्र ने आत्महत्या की। शव के पास लोहे की मेज भी पड़ी थी। माना जा रहा है कि इस पर चढ़कर छात्र ने रस्सी को बांधा। जिस प्लास्टिक की रस्सी का प्रयोग हुआ, वह खिंच सकती है। इसके चलते पैर जमीन पर आ गए। हालांकि पुलिस ने अन्य छात्रों से भी पूछताछ की तो पता चला कि 10 दिन से छात्र का व्यवहार बदल गया था। वह तनाव में भी लग रहा था।

वर्जन

एएमयू से सूचना मिली थी कि एक छात्र का शव लटका है। प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।

अभय कुमार पांडेय, सीओ तृतीय

बोले प्रोक्टर

सुबह 9.40 बजे मुमताज हॉल के एक स्थान पर रस्सी लगा छात्र का शव लटके होने की सूचना मिली थी। एमए प्रथम वर्ष का छात्र लखीमपुरखीरी के गांव कास्ता का रहने वाला था। प्राथमिक दृष्टया सुसाइड लग रहा है। पुलिस को शव सौंप दिया गया है। परिजन लखीमपुर खीरी से आ चुके हैं। पीएम के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। प्रो. मो. वसीम, प्रोक्टर एएमयू

-----------------------

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें