नारी शक्ति का अद्वितीय उत्सव: सड़क से आसमान तक महिलाओं का वर्चस्व
Aligarh News - अलीगढ़ में हिन्दुस्तान समाचार द्वारा आयोजित नारी सम्मान कार्यक्रम में 24 महिलाओं को सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण की मिसाल बना, जहाँ महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना की गई। मुख्य...

नारी शक्ति का अद्वितीय उत्सव: सड़क से आसमान तक महिलाओं का वर्चस्व -हिन्दुस्तान समाचार पत्र द्वारा ओजोन सिटी क्लब हाउस में नारी सम्मान कार्यक्रम आयोजित
-अलग-अलग क्षेत्र में सरानीय कार्य करने वाली जिले की 24 नारी शक्तियों को सम्मानित किया
हिन्दुस्तान संवाद
अलीगढ़। हिन्दुस्तान अखबार के तत्वावधान में रामघाट रोड स्थित ओजोन सिटी क्लब हाउस में आयोजित नारी सम्मान कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण की एक नई गाथा लिखी गई। इस विशेष आयोजन में उन महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने हौसले, मेहनत और लगन से समाज में मिसाल कायम की है। सड़क से लेकर आसमान तक, हर क्षेत्र में महिलाओं की अभूतपूर्व उपलब्धियों को सराहते हुए, यह कार्यक्रम नारी शक्ति का प्रतीक बना। कार्यक्रम में उपस्थित नारी शक्ति ने यह संदेश दिया कि जिस प्रकार वे घर की बागडोर अपने हाथों में लेकर जिम्मेदारियां निभा रही हैं, उसी शिद्दत और ईमानदारी से शिक्षा, स्वास्थ्य, परंपरा और संस्कृति को भी संभाल रही हैं। यह गर्व की बात है कि शहर की शान एक मंच पर है। हिन्दुस्तान नारी सम्मान में यह सशक्त रूप साक्षात दिख रहा था। मंच से लेकर अवार्ड प्राप्त करने वाली महिलाएं हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि शहर विधायक मुक्ता राजा, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, ओजोन ग्रुप के चेयरमैन प्रवीण मंगला और मदर्स टच स्कूल की डायरेक्टर आरती मित्तल ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस बीच कत्थक डांसर आशना यादव ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का मनमोह लिया। हिन्दुस्तान समाचार पत्र की ओर से शहर की सशक्त महिलाओं को ओजोन सिटी के क्लब हाउस में सम्मानित किया गया। इन महिलाओं ने शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, खेल, संस्कृति, राजनीति, साहित्य, समाजसेवा जैसे क्षेत्रों में लीक से हटकर काम किया है। सम्मान समारोह में जिले भर से चयनित 24 महिलाओं को सम्मानित किया गया। आरती मित्तल ने कहा बहनों आज उगते हुए सूरज को सभी प्रणाम करते हैं। इसीलिए अपनी क्षमताओं को पहचानो। परिवार, समाज और देश हित में निरंतर आगे बढ़ती रहो। सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाओ। इस दौरान उन्होंने नारी सशक्तिकरण को लेकर एक सुंदर काव्यपाठ किया। जिस पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजा उनका उत्साहवर्धन किया। संचालन कु. तन्वी ने किया।
शहर विधायक ने सशक्तीकरण का संदेश दिया
मुख्य अतिथि शहर विधायक मुक्ता राजा ने कहा कि एक मंच पर प्रतिभावान महिलाओं को देखकर सशक्तीकरण का संदेश स्वत: जाता है। इसके लिए हिन्दुस्तान अखबार ने माध्यम बनकर सराहनीय कार्य किया। कहा कि वह हिन्दुस्तान अखबार की आभारी हैं, जो उन्हें समय-समय पर इस तरह के आयोजनों में आमंत्रित करते हैं। कहा कि समय की आवश्यकता को समझते हुए नारी सम्मान का आयोजन किया। यह समारोह न केवल महिलाओं के लिए सम्मान है, बल्कि इससे कहीं अधिक प्रेरणादायक कार्यक्रम है। महिलाएं घर की जिम्मेदारियों के साथ आज संसद से लेकर सड़क तक हर क्षेत्र में अग्रणी हैं। ये समाज के लिए एक नजीर है।
आज पुरुष दे रहे महिलाओं को सम्मान
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि इस सम्मान समारोह की सबसे बड़ी बात ये है कि आज पुरुष महिलाओं का सम्मान कर रहे हैं। कहा कि यह बात सिर्फ इस बात की नहीं है कि आपने कुछ हटकर किया है, बल्कि इस बात की है कि आपको एक पहचान मिली है। इसके लिए हौसला और उद्देश्य की आवश्यकता होती है। जो यहां उपस्थित आधी आबादी में स्पष्ट दिख रहा है। आज का समय यह है कि जो दिखता है, उसी की कीमत होती है। हिन्दुस्तान ने इन महिलाओं को तराशकर बेहद सराहनीय कार्य किया है। यह सिर्फ इनके सम्मान की बात नहीं है, बल्कि इस बात की है कि इनका सम्मान किसी की प्रेरणा बनकर उभरेगा।
सेल्फी लेने के लिए मची होड़
ओजोन सिटी क्लब हाऊस में हिन्दुस्तान अखबार द्वारा नारी सम्मान के लिए एक सेल्फी प्वाइंट बनाया गया था। कार्यक्रम के समापन पर सभी लोगों में इस सेल्फी प्वाइंट पर फोटो लेने की होड़ मची रही। चाहें वह शहर विधायक मुक्ता संजीव राजा हो, या कत्थक डांसर आस्था शर्मा। सभी ने सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीर खींच कर इस पल को यादगार बनाने का काम किया। सभी सम्मानित नारी और उनके परिजनों ने इस सेल्फी प्वाइंट का काफी तारीफ की। पूरी हिन्दुस्तान टीम को धन्यवाद दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।