अखिलेश ने एक्स पर लिखा, पीडीए कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!
Aligarh News - सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट में भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने रामजीलाल सुमन के काफिले पर जानलेवा हमले को आपराधिक कृत्य बताया। अखिलेश ने कहा कि यह एक गहरी साज़िश का सबूत है और प्रशासन की...

अखिलेश ने एक्स पर लिखा, पीडीए कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा! अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददादाता। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट डाला। कहा कि रामजीलाल सुमन के काफिले पर टायर व पत्थर फेंककर उनके ऊपर जो जानलेवा हमला हुआ है, वो उस एक्सीडेंट का कारण बना है, जो प्राणांतक दुर्घटना में भी बदल सकता था। ये एक आपराधिक कृत्य है। इतने टायर एक साथ इकट्ठा करना, एक गहरी साज़िश का सबूत खुद है। ये एक बार फिर इंटेलिजेंस की गहरी चूक है या फिर जानबूझकर की गई अनदेखी है। अगर शासन-प्रशासन ये सब जानते हुए भी अंजान बनने की कोशिश कर रहा है तो वो ये जान ले कि अराजकता किसी को भी नहीं बख्शती है। एक दिन भाजपाई और उनके संगी-साथी भी ऐसे हिंसक तत्वों का शिकार होंगे। देश में एक सांसद के ऊपर हुए जानलेवा हमले का संज्ञान लेना वाला कोई है या फिर ‘पीडीए का सांसद होने के कारण वर्चस्ववादियों की सरकार शर्मनाक चुप्पी साधकर भूमिगत हो जाएगी। अब क्या बुलडोज़र का दम बेदम हो गया है या उप्र की सरकार ने अराजकता के आगे समर्पण कर दिया है या फिर ये सब उप्र सरकार की रजामंदी से हो रहा है? घोर निंदनीय! पीडीए कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!
प्रशासन को पहले ही किया था आगाह
करणी सेना के नेता ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि प्रशासन को पहले ही आगाह किया था कि करणी सेना रामजीलाल सुमन का घेराव करेगी। पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया था कि रामजीलाल सुमन को अलीगढ़ की सीमा में न आने दिया जाए। अगर वे सीमा में आएंगे तो निश्चित ही सवर्ण समाज के विरोध का सामना करना पड़ेगा। रविवार को प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने ज्ञानेंद्र से संपर्क किया था। वहीं, सुबह से ही करणी सेना व अन्य संगठनों के तमाम पदाधिकारी खेरेश्वर चौराहे और गभाना टोल पर एकत्रित हो गए थे।
टायर और काले तेल से स्वागत करने वाले बधाई के पात्र
अखिल भारतीय क्षत्रीय महासभा के जिलाध्यक्ष विवेक चौहान ने वीडियो जारी करके कहा कि हमारी टीम ने टायर-पत्थर और काले तेल से रामजीलाल सुमन का स्वागत किया है। सभी योद्धा बधाई के पात्र हैं। कंधे से कंधा मिलाकर उनके साथ खड़ा हूं। उन्होंने वीरता दिखाई, जिसके चलते सुमन को वापस करना पड़ा।
सपाइयों ने एसएसपी से की मुलाकात
घटना के बाद सपा की जिलाध्यक्ष लक्ष्मी धनगर, सपा नेता अज्जू इश्हाक समेत अन्य लोग एसएसपी से मिलने पहुंचे। वहां हमला करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने के साथ सुरक्षा की भी गुहार लगाई। एसएसपी ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
यह था सुनहेरा गांव का मामला
बुलंदशहर में 21 अप्रैल की रात को गांव सुनेहरा में तेज रफ्तार थार चलाने से रोकने पर दबंगों ने तीन महिलाओं समेत चार दलितों को टक्कर मार दी थी। इनमें से एक महिला शीला की मौत हो गई थी। तीन घायलों का अभी उपचार चल रहा है। 22 अप्रैल को पीड़ित पक्ष के भूपेंद्र ने छह आरोपियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, एससीएसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर थार बरामद कर चुकी है। दलित महिला की मौत पर सांत्वना देने आ रहे सपा सांसद को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भेजा था। इसकी सूचना पर एसडीएम खुर्जा प्रतीक्षा पांडे और सीओ खुर्जा विकास प्रताप सिंह चौहान सहित कई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी गभाना टोल पर पहुंच गए। उन्होंने बात करके वहां से उन्हं लौटा दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।