अमेरिकी उपराष्ट्रपति के स्वागत को संवरेगा शहर
Agra News - अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड वेंस के स्वागत में शहर को सजाया जाएगा। खेरिया हवाई अड्डे से ताजमहल के पूर्वी गेट तक नगर निगम व्यवस्थाएं कर रहा है। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सफाई, पेड़ काटने और...

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड वेंस के स्वागत में शहर को संवारा, सजाया जाएगा। खेरिया हवाई अड्डे से लेकर ताजमहल के पूर्वी गेट तक शहर की रंगत बदलने के काम नगर निगम करेगा। सोमवार को नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने रूट पर चाक चौबंद व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिये हैं। अमेरिकी उपराष्ट्रपति का आगमन 23 अप्रैल को प्रस्तावित है। नगर आयुक्त ने इसी के मद्देनजर खेरिया हवाई अड्डे से लेकर शिल्पग्राम ताजमहल तक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किये। नगर आयुक्त ने कहा कि वीवीआईपी के आगमन रूट पर पर पेड़ों की कटाई-छंटाई के साथ क्षतिग्रस्त डिवायडरों की मरम्मत की जाएगी। पेंट का कार्य दो दिन के भीतर कर लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कहीं पर कूड़ा और गंदगी नजर न आये। लाइटिंग व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाए। रूट पर स्थित डस्टबिन साफ सुथरी रहें। उनके अंदर कूड़ा न रहे। पूरे रूट की साफ सफाई जेडएसओ और एसएफआई अपनी उपस्थिति में कराएं। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर आयुक्त ने कहा कि मार्ग में जहां पौधे सूख गए हैं उनके स्थान पर नए पौधे लगाए जाएंगे। वर्टिकल गार्डनों का सुधार किया जाएगा। सड़क किनारे दीवारों पर जहां पेटिंग खराब हो चुकी हैं उन्हें दोबारा पेंट किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (विद्युत) अजय कुमार राम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. संजीव वर्मा, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, अधिशासी अभियंता अरविंद श्रीवास्तव, प्रवर्तन प्रभारी डा. अजय सिंह, निर्माण विभाग अभियंता आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।