Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़आगराRain Havoc in Jaitpur and Bah Homes Collapsed Families Struggle with Marriages

घर ढहा दब गया सामान, कैसे पीले होंगे बेटियों के हाथ

जैतपुर और बाह क्षेत्र में बारिश के कारण कई मकान गिर गए। बटेश्वर में दो मकानों के मलबे में घरेलू सामान नष्ट हो गया। बेटियों की शादी की तैयारी कर रहे परिवार अब आर्थिक मदद की गुहार लगा रहे हैं। प्रशासन...

Newswrap हिन्दुस्तान, आगराThu, 19 Sep 2024 05:52 PM
share Share

जैतपुर और बाह क्षेत्र में बारिश का कहर गुरुवार को भी जारी रहा। बटेश्वर के गोल डांडा और सिकरवार मोहल्ले में दो मकान गिर गए। मलबे में दबकर सामान भी नष्ट हो गया। दोनों ही परिवार में दो-दो बेटियों की शादी तय हो चुकी है। अब परिजन परेशान हैं कि घर बनवाएं कि बेटियों की शादी के लिए इंतजाम करें। बटेश्वर के गोल डांडा में गुरुवार की सुबह 10 बजे राकेश की विधवा ऊषा देवी का पक्का मकान भर भराकर गिर गया। उन्होंने बताया कि बेटे दीपक की शादी में मिले दहेज का सामान बेड, टीवी, कूलर, सोफा, वॉशिंग मशीन के साथ ही गृहस्थी का सामान बक्से, गेहूं, बर्तन आदि भी दब कर नष्ट हो गया।

बेटियों किरन (20), रानी (18) की मार्च में शादी होनी है। शादी के लिए जुटाया गया कुछ सामान भी मलबे की भेंट चढ़ गया। वह घर के बाहर बैठी थीं। मकान गिरने से उनके पैर में चोट लग गई। उन्होंने बताया कि अब बेटियों के हाथ कैसे पीले होंगे।

नहीं सूझ रहा, घर बनवाएं या बेटियों की शादी करें

बटेश्वर के सिकरवार मोहल्ले के साहब सिंह के घर की दीवार के साथ टिनशेड गिर गया। मलबे में दब कर दुधारू गाय मर गई। बाहर बंधा 10 दिन का बछड़ा बाल-बाल बचा। साहब सिंह ने बताया कि घरेलू सामान भी नष्ट हो गया। बेटियों नर्गिस (20), खुशबू (19) की फरवरी महीने में शादी तय कर दी है।

अब नहीं सूझ रहा कि घर बनवाएं या बेटियों की शादी के लिए इंतजाम करें। बटेश्वर की प्रधान नेकसी देवी और उनके पति रघुवीर वर्मा ने दोनों ही परिवारों को प्रशासन से आर्थिक मदद दिलाने की गुहार लगाई है। जिससे उनकी बेटियों की शादी हो सके।

बाह में 226 घर गिरे, 123 को मिला 6 लाख रुपये मुआवजा

तहसील प्रशासन ने अब तक 226 घरों के गिरने का सर्वे किया है। एसडीएम बाह सृष्टि ने बताया कि बाह क्षेत्र में अब तक 123 परिवारों में 6.05 लाख रुपये का मुआवजा वितरित किया गया है। क्षेत्र में बारिश से हुए नुकसान के आकलन के लिए राजस्व विभाग की टीमें जुटी हुई हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें