माघ मास की पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर उमड़े श्रद्धालु
Agra News - माघ मास की पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं ने सोरों की हरिपदी, लहरा, कछला और कादरगंज घाटों पर गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान किए और प्रसाद का वितरण किया।...

माघ मास की पूर्णिमा के दिन सोरों की हरिपदी, लहरा, कछला, कादरगंज घाटों पर लाखों लोगों ने गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान कर भंडारों में प्रसाद वितरण हुआ। बुधवार की सुबह से ही श्रद्धालु बड़ी संख्या में गंगा घाटों पर स्नान के लिए पहुंचने लगे। सोरों की हरिपदी गंगा पर राजस्थान, मध्यप्रदेश से आए श्रद्धालुओं ने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान क्रिया की। इसके बाद लहरा व कछला गंगा घाट पर स्नान करने गए। हरिपदी गंगा में हजारों श्रद्धालुओं ने स्नान कर घाटों पर प्रसाद वितरण किया। हरिपदी की परिक्रमा लगाने के बाद मंदिरों में दर्शन कर दान भी किया। गंगा किनारे अश्रमों में कथा, प्रचवन और भंडारे आयोजित होते रहे। सोरों के लहरा, कछला और कादरगंज घाटों पर भी सुबह से ही हजारों की संख्या में लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। दोपहर बाद तक लोग गंगा में स्नान करने के बाद धार्मिक अनुष्ठान करते रहे।
गंगा घाटों पर पार्किंग में खड़े कराए वाहन
सोरों। माघ माह की पूर्णिमा के दिन श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने की वजह से उनके वाहन गंगा घाटों पर बनाई गई पार्किंग में खड़े कराए गए। सोरों की हरिपदी गंगा में स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन मेला मैदान में खड़े हुए। पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा को द्रष्टिगत रखते हुए वाहनों को मेला मैदान की ओर भेजा। लहरा, कछला घाटों पर भी वाहन पार्किंग में खड़े हुए। :
गंगा घाटों पर रहा पुलिस बल तैनात
सोरों। माघ माह की पूर्णिमा पर सोरों, लहरा, कादरगंज घाटों पर पुलिस बल की तैनाती रही। सोरों के कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र ने हरिपदी गंगा के साथ ही लहरा गंगा घाट पर भी सुरक्षा व्यवस्था परखी। वह पुलिस बल के साथ लगातार गंगा घाटों पर निरीक्षण करते रहे। हरिपदी के घाटों पर भी पुलिस पिकेट तैनात थीं। जिसमें पुरूष व महिला पुलिस कर्मी दोनों शामिल थे। सोरों में कछला गेट, सहावर गेट और वराह मूर्ति तिराहा पर वाहनों का आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस के साथ ही पुलिस कर्मी भी तैनात रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।