Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़आगराMajor Train Disruption Due to Freight Train Derailment on Delhi-Mumbai Route

18 घंटे से बंद है दिल्ली-आगरा रेल ट्रैक

वृंदावन रोड और अजई स्टेशनों के बीच मालगाड़ी के 27 वैगन पटरी से उतरने के कारण दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-चेन्नई रूट बंद हो गया है। 18 घंटे बीत जाने के बावजूद वैगन को नहीं उठाया जा सका है, जिससे कई ट्रेनों...

Newswrap हिन्दुस्तान, आगराThu, 19 Sep 2024 09:20 AM
share Share

वृंदावन रोड-अझई स्टेशनों के बीच पटरी से उतरे मालगाड़ी के दो दर्जन से अधिक वैगन 18 घंटे बाद भी पटरी से नहीं उठाए जा सके। बुधवार रात करीब आठ बजे पटरी से उतरे वैगनों की वजह से दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-चेन्नई रूट पूरी तरह बंद है। अप और डाउन लाइन के साथ तीसरी लाइन भी 18 घंटे बीतने के बाद चालू नहीं हो सकी। डिरेलमेंट के चलते तीन दर्जन से अधिक ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। डायवर्जन के चलते कई ट्रेनें 10 घंटे की देरी से चल रही हैं। यात्री परेशान हैं। बुधवार रात आगरा से दिल्ली की तरफ जा रही कोयले से लदी मालगाड़ी के 27 वैगन वृंदावन रोड-अझई स्टेशनों के बीच पटरी से उतर गए थे। दुर्घटना की खबर मिलते ही आगरा से डीआरएम सहित सभी अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे थे। पटरी से उतरे वैगन अप लाइन के साथ तीसरी लाइन पर भी गिरे थे। दुर्घटना के चलते आगरा-दिल्ली ट्रैक पूरी तरह बंद हो गया था। तब से गुरुवार सुबह 9 बजे तक ट्रैक शुरू नहीं हो सका था। तो वहीं, आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर हजारों यात्रियों की भीड़ जमा हो गई थी। पूछताछ केन्द्र पर देर रात से ही ट्रेनों की जानकारी करने वालों की भीड़ थी। हेल्प डेस्क पर भी लोग पहुंचकर अपनी ट्रेन की जानकारी कर रहे थे। इस दौरान रेलवे ने तीन दर्जन से अधिक ट्रेनों को दिल्ली से गाजियाबाद-मितावली-आगरा कैंट के रास्ते निकाला। गुरुवार सुबह उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक उपेन्द्र चन्द्र जोशी भी दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए। दुर्घटना के चलते रेलवे ने भोपाल शताब्दी, गतिमान एक्सप्रेस, भोपाल वंदेभारत सहित एक दर्जन से अधिक ट्रेनों को गुरुवार को निरस्त कर दिया है।

10 घंटे तक लेट चल रही हैं ट्रेन

डायवर्जन के चलते कई ट्रेनें 10 घंटे तक लेट चल रही हैं। बुधवार रात 12 बजे आगरा कैंट पहुंचने वाली नई दिल्ली-बंगलूरू कर्नाटक एक्सप्रेस सुबह 9 बजे आगरा कैंट पहुंची। यही हाल अधिकांश ट्रेनों का था। अप की तो सभी ट्रेन 8 से 10 घंटे लेट चल रही हैं। आगरा रेल मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रैक को क्लीयर करने का काम तेजी से जारी है। उम्मीद है कि कुछ ही घंटों में ट्रैक क्लीयर हो जाएगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें