बेसहारा गाय पकड़ने गयी निगम की टीम का विरोध
Agra News - आगरा के दयालबाग में शनिवार को छुट्टा पशुओं को पकड़ने गई नगर निगम की टीम का लोगों ने विरोध किया। पुलिस हस्तक्षेप के बाद ही टीम वहां से निकल सकी। दो गायों को कान्हा गौशाला में छोड़ा गया। नगर निगम ने पशु...

आगरा। दयालबाग स्थित तुलसी बाग में शनिवार को छुट्टा पशुओं को पकड़ने गयी नगर निगम की कैटल कैचर टीम को लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कई घंटे की मशक्कत और पुलिस हस्तक्षेप के उपरांत विरोध कर रहे लोगों ने कैटल कैचर टीम को वहां से निकलने दिया। बाद में पकड़ी गयीं दो गायों को कान्हा गौशाला टेढ़ी बगिया में छोड़ा गया। घटना सुबह की है। नगर निगम कैटल कैचर की टीम ने दो गायों को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने टीम के सदस्यों व वाहन को वहीं रोक कर हंगामा करना प्रारंभ कर दिया। लोगों का कहना था कि वे गायों को नहीं ले जाने देंगे। सारे मामले की जानकारी पुलिस को 112 नंबर और निगम के अधिकारियों को दी गयी। पुलिस और नगर निगम बाउंसर मौके पर पहुंचे। उसके बाद काफी समझाने के उपरांत लोगों ने टीम और गाय से लदे वाहन को वहां से जाने दिया। कल्याण अधिकारी डा. अजय सिंह ने बताया कि छुट्टा जानवरों के खिलाफ नगर निगम अभियान चला रहा है। अतः पशु पालक अपने जानवरों को बाड़ों के अंदर पशु ही रखें। पकड़े जाने पर गाय पर दो हजार और भैंस पर आठ हजार का जुर्माना वसूल किया जाएगा। इसके अलावा गाय पर प्रतिदिन दो सौ रुपये और भैंस पर तीन सौ रुपये प्रतिदिन के हिसाब से खुराक का पैसा भी पालक से वसूल किया जाएगा।
................
सड़क पर मलबा डालने पर दी चेतावनी
श्रीराम टाकीज को तोड़कर उसके स्वामी द्वारा मॉल का निर्माण किया जा रहा है। मलबे को सड़क पर डाल दिया गया है। इसकी जानकारी पर नगर निगम के सीएसएफआई रोहित कुमार के नेतृत्व में प्रवर्तन दल की टीम मौके पर पहुंची और बिल्डिंग स्वामी को दो दिन में मलबा सड़क से हटाने की चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसने निर्धारित अवधि में मलबा सड़क से नहीं हटाया तो उसके खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।