पराली की चिंगारी से वेयर हाउस में लगी भीषण आग, 71 नई कारें जलकर स्वाहा, उन्नाव में हादसा
यूपी के उन्नाव में किया कार कंपनी के वेयर हाउस में पराली की चिंगारी से भीषण आग लग गई। इससे वहां खड़ी 71 नई कारें जल कर स्वाहा हो गईं। कारों में पेट्रोल भरा होने की वजह से आग भड़कती चली गई।

यूपी के उन्नाव में सदर कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र नेहरूबाग में बुधवार दोपहर को पराली की आग से उठी चिंगारी से किया कंपनी के वेयर हाउस में आग लग गई। यहां खड़ी कारों में पेट्रोल भरा होने की वजह से आग ऐसी भड़की कि एक-एक कार 71 नई कारें जलकर राख हो गईं। दमकल की छह गाड़ियों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के समय वेयर हाउस में 120 कारें खड़ीं थीं। यहीं से कारें कानपुर भेजी जाती हैं।
दरअसल, दोपहर को वेयर हाउस के पीछे किसी ने पराली जला दी। तेज हवाएं चलने से चिंगारी वेयर हाउस तक पहुंच गई और यहां खड़ी कारों में आग लग गई। आसपास की फैक्ट्री के कर्मचारियों ने बताया कि जिस समय हादसा हुआ, उस समय वेयर हाउस में कोई नहीं था। कोई प्रयास न होने की वजह से ही एक-एक कर कारें चपेट में आती गईं। लपटें और धुएं का गुबार देख वह लोग शोर मचाते हुए बाहर आए और फायरब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर छह दमकल वाहन भेजे गए। दो दर्जन कर्मचारियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सुरक्षा के लिहाज से आसपास की फैक्ट्रियां और बिजली आपूर्ति बंद करा दी गई थी। फायर विभाग ने अनुमान जताया है कि करीब 71 कारें जली हैं। वेयर हाउस के इंचार्ज राजेश गुप्ता ने बताया कि यहां करीब 120 गाड़ियां थीं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनूप सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। आग इतनी विकराल थी कि दमकल की टीम को बार-बार पानी भरने के लिए लौटना पड़ा। गोदाम में खड़ी कारों में भरे पेट्रोल की वजह से आग तेजी से फैल रही थी। नुकसान का सटीक आंकलन किया जा रहा है।
कानपुर के शोरूम में होती थी सप्लाई
नेहरू बाग स्थित किया कंपनी की नई कारें कानपुर स्थित शोरूम और अन्य डीलरों को सप्लाई की जाती थीं। यह गोदाम पिछले करीब पांच सालों से मगरवारा स्थित नेहरूबाग में संचालित हो रहा था।
कई किमी तक छाया धुंआ, धमाके के साथ फटे टायर
आग इस कदर थी कि आसपास धुएं का गुबार ही गुबार नजर आ रहा था। आग पकड़ने की वजह से कार के टायर भी धमाके के साथ फट रहे थे। इससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। इतना ही धुंआ कई किलोमीटर दूर तक देखा गया।
आग से कारें का लोहा तक पिघला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भयानक थी कि वहां खड़ी कारों का लोहा तक पिघल गया। जली गाड़ियों की कतार और पिघली हुई धातु ने इस हादसे की भयावहता को स्पष्ट कर दिया।सीओ सिटी सोनम सिंह के अनुसार चिंगारी से कार के वेयर हाउस में आग लगी थी। दमकल कर्मियों से आग पर काबू पा लिया गया है। वेयर हाउस में करीब 120 कारें मौजूद थीं। नुकसान का आंकलन अभी फायर विभाग से नहीं किया गया है। घटना को लेकर जांच की जा रही है।