Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़14 years younger sister hanged herself when brother told her to tie rakhi after bhadra

अभी भद्रा है लौटकर बंधवाएंगे राखी, भाई की इतनी सी बात पर 14 साल छोटी बहन ने लगा ली फांसी

घर लौटे भाई ने जब अपनी बहन का शव फंदे से लटकता देखा तो कोहराम मच गया। त्योहार पर हुई इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

Ajay Singh हिन्दुस्तानTue, 20 Aug 2024 12:54 AM
share Share

Sister suicide on raksha bandhan: कानपुर के घाटमपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के बैजूपुर गांव में एक भाई ने 14 साल की छोटी बहन से राखी नहीं बंधवाई तो बहन ने छत पर जाकर फांसी लगा ली। घर लौटे भाई ने जब बहन का शव फंदे से लटकता देखा तो कोहराम मच गया। त्योहार पर हुई इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

गांव निवासी 20 वर्षीय शोभित ने पुलिस को बताया कि कुछ दिनों से उसकी अपनी छोटी बहन 14 वर्षीय शुभी से मामूली बात को लेकर अनबन चल रही थी। सोमवार को राखी के दिन उसे अपनी मां को लेकर ननिहाल फतेहपुर के अमौली थाना क्षेत्र के गंगूपुर गांव जाना था। दोपहर करीब एक बजे वह मां को लेकर जाने लगा तो शुभी ने राखी बंधवाने को कहा। इस पर उसने कहा कि अभी भद्रा चल रही है लौटकर बंधवाएगा। शुभी ने जिद की तो वह उसे डांटते हुए मां को लेकर बाइक से निकल गया। घर पर शुभी और उससे बड़ी बहन (17 साल) थी।

शोभित के अनुसार इससे क्षुब्ध होकर शुभी ने छत के कमरे में जाकर फांसी लगा ली। शाम को घर लौटा भाई जब छत पर गया तो उसका शव फंदे से लटकता देखा तो कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला कि शुभी और शोभित के बीच कई दिनों से अनबन चल रही थी। शोभित ननिहाल जा रहा था तो शुभी ने राखी बंधवाने को कहा था लेकिन उसने मना कर दिया, इसी बात से वह दुखी हो गई थी। शुभी कुड़नी के एक इंटर कॉलेज में कक्षा दस की छात्रा थी। एसीपी रंजीत कुमार ने बताया कि भाई की सूचना पर पुलिस पहुंची थी, जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें