Notification Icon
Hindi Newsखेल न्यूज़New Zealand reaches quarter finals of Hockey World Cup 2023 to beat host India NZ will face Belgium

हॉकी वर्ल्ड कप 2023 से बाहर हुआ भारत, न्यूजीलैंड ने क्रॉसओवर मैच में कर दिया कमाल

FIH मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2023 के क्वार्टर फाइनल में न्यूजीलैंड की टीम ने जगह बना ली है। भारत को क्रॉसओवर मैच में न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा। अब उनका मुकाबला बेल्जियम से होगा।

Vikash Gaur लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीSun, 22 Jan 2023 03:48 PM
share Share

भारत और न्यूजीलैंड के बीच हॉकी वर्ल्ड कप 2023 का क्रॉसओवर मैच खेला गया, जो काफी रोमांचक रहा। मैच 3-3 की बराबरी पर समाप्त हुआ और फिर मैच का नतीजा शूटआउट के जरिए निकलना था, लेकिन शूटआउट भी 3-3 की बराबरी पर समाप्त हुआ। कलिंगा स्टेडियम में मौजूद दर्शकों की धड़कनें जरूर बढ़ गई होंगी, क्योंकि इसके बाद मैच सडन डेथ में पहुंचा और सडन डेथ में भारत अपने पहले 4 प्रयासों में एक गोल कर पाया और न्यूजीलैंड ने दो गोल दागे और इसी के साथ जीत हासिल कर ली। भारत का सफर इस हार के साथ समाप्त हो गया।  

भारत ने दूसरे क्वार्टर में 2-0 की बढ़त बनाई थी, जिसे न्यूजीलैंड ने पहले हाफ में पाटने का काम किया और हाफ टाइम तक स्कोर 2-1 रहा। अपनी मेजबानी में खेले जा रहे इस मेगा इवेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने का भारत के पास सुनहरा मौका था, क्योंकि एक समय पर भारत 3-1 से आगे था। हालांकि, भारत ने दूसरे हाफ में अच्छा खेल नहीं दिखाया और टीम को हार का सामना करना पड़ा।   

इस मुकाबले की बात करें तो भारतीय टीम ने शुरुआत से ही मैच में डोमिनेशन दिखाया। यहां तक कि पहले हाफ में एक भी पेनल्टी कार्नर न्यूजीलैंड को नहीं मिला, लेकिन भारत ने पहले क्वार्टर में पेनल्टी कार्नर हासिल किया। हालांकि, टीम गोल नहीं कर पाई। दूसरे क्वार्टर में भारत के लिए पहला गोल ललित कुमार उपाध्याय ने किया। इसके बाद भारत को तीन पेनल्टी कार्नर मिले, जो खाली रहे, लेकिन दूसरे क्वार्टर का चौथा पेनल्टी कार्नर भारत के नाम रहा, जब सुखजीत सिंह ने गोल किया और भारत को 2-0 से आगे किया। हालांकि, दूसरे क्वार्टर के आखिर में सैम लैन ने न्यूजीलैंड के लिए गोल किया और स्कोर 2-1 रहा। 

तीसरे क्वार्टर में भारत ने कुल 5 पेनल्टी कार्नर हासिल किए, लेकिन सिर्फ एक बार ही गोल हो सका। वरुण कुमार ने 40वें मिनट में पीसी के जरिए गोल किया, जबकि न्यूजीलैंड को तीसरे ही क्वार्टर में एक पेनल्टी कार्नर मिला, जिसमें केन रसल ने पीसी के जरिए गोल दागा। इससे मैच का स्कोर 3-2 हो गया। मैच का चौथा क्वार्टर काफी रोमांचक रहा, जिसमें पेनल्टी कार्नर के जरिए न्यूजीलैंड की तरफ से सीन फिंडले ने गोल किया और मैच 3-3 की बराबरी पर आ गया। भारत को 2 पेनल्टी कार्नर मिले, लेकिन गोल नहीं हुआ। 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें