Notification Icon
Hindi Newsखेल न्यूज़india vs wales hockey world cup 2023 match live updates IND vs WAL hockey match

India vs Wales Hockey World Cup 2023 : हॉकी विश्व कप 2023 में भारत की दूसरी जीत, वेल्स को 4-2 से हराया

भारत ने अपने अंतिम लीग मैच गुरुवार को वेल्स को 4-2 से हरा दिया है। भारत को अब क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ क्रॉसओवर मैच जीतना होगा।

Himanshu Singh लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीThu, 19 Jan 2023 03:41 PM
share Share

India vs Wales Hockey World Cup 2023 Match: भारत ने पूल मैच में वेल्स को 4-2 से हराकर पुरुष हॉकी विश्व कप के 'क्रॉस-ओवर'  के लिए क्वालीफाई किया, जिसमें टीम का सामना एफआईएच हॉकी विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए न्यूजीलैंड से होगा। भारतीय हॉकी टीम की एफआईएच मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2023 में ये दूसरी जीत है। इससे पहले टीम ने पहले अपने पहले मैच में स्पेन को 2-0 से हराया था, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ रहा था। कलिंगा स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में शमशेर सिंह (21वां मिनट) और हरमनप्रीत सिंह (59वां मिनट) ने भारत के लिए एक-एक गोल किया, जबकि आकाशदीप (32वां, 45वां मिनट) ने दो गोल जमाए। भारत को पूल-डी में पहला स्थान हासिल करने के लिए कम से कम आठ गोल के अंतर से जीतने की जरूरत थी, हालांकि मेजबान टीम यहां वैसी आक्रामकता नहीं दिखा सकी। 

शमशेर सिंह ने भारत के लिए पहला गोल किया। पहले हाफ तक भारतीय टीम ने दो गोल करके बढ़त बना ली थी। लेकिन तीसरे क्वार्टर के आखिर में वेल्स ने वापसी करते हुए पेनल्टी कार्नर को गोल में तब्दील करते हुए स्कोर 2-2 से बराबर कर लिया। वेल्स के दोनों गोल पेनल्टी कॉर्नर से हुए, जिसमें गैरेथ फर्लोंग (42वें मिनट) और जैकब ड्रेपर (44वें मिनट) ने गोल कर अपनी टीम को 2-2 की बराबरी पर पहुंचाया।आकाशदीप ने 45वें मिनट में शानदार मैदानी गोल कर भारत को बचाया और फिर कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 59वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। भारत और इंग्लैंड दोनों के तीन तीन मैचों में सात सात अंक रहे। लेकिन इंग्लैंड की टीम बेहतर गोल अंतर की बदौलत पूल डी में शीर्ष पर रही।

न्यूजीलैंड से होगी भिड़ंत

दोनों टीमों के अंक बराबर होने के बावजूद कम गोल अंतर के कारण भारत दूसरे स्थान पर रहा और उसे ग्रुप सी में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ एक क्रॉसओवर मैच खेलना होगा। इंग्लैंड सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंच गया है। इससे पहले भारत ने स्पेन को 2-0 से हराया और इंग्लैंड के खिलाफ मैच ड्रॉ रहा था। 

India vs Wales ( 4-2)

India vs Wales Match 4th Quarter 

आकाशदीप सिंह ने चौथे क्वार्टर के शुरुआत में ही फील्ड गोल करके भारत को बढ़त दिला दी है। आकाशदीप का मैच में ये दूसरा गोल है। इससे पहले उन्होंने तीसरे क्वार्टर में गोल किया था। चौथे क्वार्टर के 9वें मिनट में अभिषेक ने लगभग गोल कर दिया था। लेकिन गेंद विपक्षी टीम के शरीर से लगकर गोल पोस्ट में गई थी। चौथे क्वार्टर के आखिरी समय में भारत को सातवां पेनल्टी कार्नर मिला। हरमनप्रीत ने इसे गोल में बदल दिया। इस क्वार्टर के खत्म होते ही भारत ने विश्व कप में अपना दूसरा मैच जीत लिया है। 

India vs Wales Match 3rd Quarter 

भारत ने तीसरे क्वार्टर में जबरदस्त शुरुआत की है। तीसरे मिनट में ही आकाशदीप ने गोल करके भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया है। भारत को कुछ देर बाद पेनल्टी कार्नर भी मिला। लेकिन वेल्स की डिफेंस तैयार थी। 33वें मिनट में आकाशदीप मनदीप की मदद से गोल करने में कामयाब हुए। तीसरे क्वार्टर के छठवें मिनट में भी भारत को एक पेनल्टी मिली। लेकिन यहां एक बार फिर टीम चूक गई। भारत को पांचवां पेनल्टी कार्नर मिला है। वेल्स को भी इस क्वार्टर में पेनल्टी कार्नर मिला था, लेकिन उसका फायदा नहीं उठा सके। 12वें मिनट में एक बार भारत को पेनल्टी कार्नर मिला, लेकिन फिर चूक गए। 13वें मिनट में वेल्स को पेनल्टी कार्नर मिला। और फर्लांग गैरेथ ने इसे गोल में बदला। आखिरी मिनट में एक बार फिर वेल्स ने पेनल्टी कार्नर हासिल किया और उसे गोल में तब्दील करके स्कोर 2-2 से बराबरी पर ला दिया है। 

India vs Wales Match 2nd Quarter 

भारत को दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही पेनल्टी कार्नर मिला। लेकिन टीम इसका फायदा नहीं उठा सकी। टीम दबाव में खेलते हुए नजर आ रही है। भारत को दूसरे क्वार्टर में दूसरा पेनल्टी कार्नर मिला, लेकिन एक बार फिर हरमनप्रीत की ड्रैग फ्लिक को ब्लॉक कर दिया गया। इस बीच शमशेर ने कमाल कर दिखाया। भारत के शमशेर सिंह ने 21वें मिनट में गोल करके भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई है। 

India vs Wales Match 1st Quarter 

भारत और वेल्स के बीच पहले क्वार्टर में जबरदस्त टक्कर देखने को मिली है। दोनों ही टीमों ने मौके बनाए थे, लेकिन गोल करने में नाकामयाब रहे। मिडफील्डर हार्दिक सिंह इस मैच में नहीं खेल रहे हैं।  इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को गोलरहित ड्रॉ के दौरान चोटिल हो गए थे।

भारत की स्टार्टिंग इलेवन 

पीआर श्रीजेश (गोलकीपर), सुरेंद्र कुमार, मनप्रीत सिंह, मनदीप सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), शमशेर सिंह, वरुण कुमार, आकाशदीप सिंह, अमित रोहिदास, विवेक सागर प्रसाद, सुखजीत सिंह

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें