Notification Icon
Hindi Newsखेल न्यूज़India vs Japan Hockey World Cup 2023 India beat Japan by 8 0 in classification battle

India vs Japan Hockey World Cup : भारत ने जापान को धूल चटाई, क्लासिफिकेशन मैच में 8-0 से रौंदा

भारत ने गुरुवार को एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 के क्लासिफिकेशन मैच में जापान को 8-0 से रौंद दिया। भारत अब नौवें से 12वें स्थान के वर्गीकरण मुकाबले में शनिवार को दक्षिण अफ्रीका का सामना करेगा।

Himanshu Singh लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीThu, 26 Jan 2023 03:32 PM
share Share

मेजबान भारत ने क्रॉसओवर मैच में मिली हार को पीछे छोड़ते हुए गुरुवार को एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 के क्लासिफिकेशन मैच में जापान को 8-0 से रौंद दिया। शुरुआती दो क्वार्टर में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी थी, लेकिन तीसरे और चौथे क्वार्टर में भारतीय टीम ने 4-4 गोल करके जापान को करारी शिकस्त दी। 

बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में अभिषेक (35वां, 43वां) और हरमनप्रीत सिंह (45वां, 58वां मिनट) ने विजेता टीम के लिये दो गोल किये, जबकि मनदीप सिंह (32वां), विवेक प्रसाद सागर (39वां), मनप्रीत सिंह (58वां मिनट) और सुखजीत सिंह (59वां मिनट) ने एक-एक गोल किया। भारत अब नौवें से 12वें स्थान के वर्गीकरण मुकाबले में शनिवार को दक्षिण अफ्रीका का सामना करेगा। 

विश्व रैंकिंग में 15वें नंबर की टीम जापान ने मुकाबले की मजबूत शुरुआत की। मैच के 11वें मिनट में भारत को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले भी लेकिन जापान के रक्षा पंक्ति ने गेंद को नेट तक नहीं पहुंचने दिया। राज कुमार पाल ने दो मिनट बाद जापान के गोल पर निशाना लगाया लेकिन गोलकीपर तकाशी योशीकावा को पार नहीं कर सके।

दूसरा क्वार्टर
दूसरे क्वार्टर के शुरू होते ही जापान ने पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, हालांकि कृष्णा पाठक ने उन्हें स्कोर करने का मौका नहीं दिया। इस क्वार्टर के शुरुआती पांच मिनटों में जापान की फॉरवर्ड पंक्ति ने भारत को परेशान किया मगर इसके बाद हरमनप्रीत ने गेंद को ज्यादातर अपने कब्जे में रखना शुरू कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में हुए चार गोल
भारत को इसका लाभ तीसरा क्वार्टर शुरू होते ही मिला जब मनदीप ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करके मेजबान टीम का खाता खोल दिया। अभिषेक ने तीन मिनट बाद ही फील्ड गोल करके मेजबान टीम की बढ़त दोगुनी कर दी। दो गोल की आरामदायक बढ़त लेने के बाद भारत ने बुलंद हौसले के साथ जापान के खिलाफ जोरदार प्रहार किये और उसकी रक्षा पंक्ति तहस नहस कर दिया। विवेक ने 39वें मिनट में हरमनप्रीत की सहायता से पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया जबकि अभिषेक ने तीसरा क्वार्टर खत्म होने से पहले फील्ड गोल करके भारत की बढ़त 4-0 कर दी। 

भारत ने 27वीं बार जापान को हराया
आखिरी क्वार्टर के शुरू होते ही हरमनप्रीत ने भी जापानी नेट में गेंद को पहुंचाते हुए मैच का अपना पहला गोल किया। जब मुकाबला खत्म होने में सिर्फ तीन मिनट बचे थे तब मनप्रीत, हरमनप्रीत और सुखजीत ने एक-एक गोल दागकर भारत की जीत के अंतर को विशाल बना दिया। भारत ने जापान को पुरुष हॉकी में 27वीं बार मात दी है। जापान अब 13वें से 16वें स्थान के वर्गीकरण मुकाबले में मलेशिया का सामना करेगा। 

दुनिया की चोटी की चार टीमें ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, नीदरलैंड और बेल्जियम विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची हैं। शुक्रवार को होने वाले अंतिम चार के मुकाबलों के रोमांचक होने की संभावना है। विश्व की नंबर एक टीम ऑस्ट्रेलिया पहले सेमीफाइनल में विश्व की चौथे नंबर की टीम जर्मनी का सामना करेगी जबकि दूसरे सेमीफाइनल में मौजूदा चैंपियन बेल्जियम का मुकाबला पिछले दो बार के उपविजेता नीदरलैंड से होगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें