राजस्थान में पुलिस पर महिलाओं ने क्यों किया हमला? पथरबाजी में 4 जवान हुए घायल
- बताया गया कि इस झड़प में एक गर्भवती महिला भी चोटिल हो गई है। सबका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मामला हनुमानगढ़ के जंक्शन क्षेत्र के सुरेशिया इलाके का है।

राजस्थान के हनुमानगढ़ में चोरों को पकड़ने गई पुलिस पर गुस्साई भीड़ ने हमला कर दिया। पथराव और डंडा बरसाने के चलते पुलिस के 4 जवान घायल भी हो गए हैं। बताया गया कि इस झड़प में एक गर्भवती महिला भी चोटिल हो गई है। सबका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मामला हनुमानगढ़ के जंक्शन क्षेत्र के सुरेशिया इलाके का है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस पर महिलाओं ने क्यों किया हमला?
घायल होने वाले जवानों के नाम लायक सिंह, विजय, भीम सेन और आनंद हैं। इन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। एनडीटीवी रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस इलाके में एक घर में चोरी होने की छानबीन करने गई थी। इलाके में एक परिवार ने अपने घर में 1.50 लाख की नगदी चोरी होने का आरोप लगाया था। इसके चलते ही पुलिस आरोपियों के घर पूछताछ के लिए गई हुई थी, लेकिन तभी कुछ महिलाएं आईं और पूछताछ रोककर कार्रवाई को बाधित करने लगीं।
पत्थरबाजी करने वालों की हो रही पहचान
महिलाओं ने धक्का-मुक्की की। इसके बाद गुस्साई महिलाओं ने लाठी-डंडों से हमला भी किया। पथराव के चलते कुछ पुलिसवाले घायल भी हो गए। कुछ लोगों को हाथ-पीठ पर गंभीर चोटें भी आई हैं। बताया गया कि वहां मौजूद एक कांस्टेबल के हाथ में फ्रैक्चर भी हो गया है। पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज कर ली है और छानबीन शुरू कर दी है। इसके बाद पुलिस पत्थरबाजी और डंडा चलाने वालों की पहचान करने में जुट गई।