क्यों भारत की साख को बट्टा लगाकर मिट्टी में मिला रहे हो मोदी जी? अमरीकी मध्यस्थता पर डोटासरा
अमेरिकी मध्यस्थता पर कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा ने केंद्रीय नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा- क्यों भारत की साख को बट्टा लगाकर मिट्टी में मिला रहे हो मोदी जी?

भारत पाकिस्तान के बीच कल सीजफायर का ऐलान हुआ था। हालांकि इसके कुछ देर बाद ही पाकिस्तान ने इसका उल्लंघन भी कर दिया। इस सीजफायर पर अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि यह उनकी मध्यस्थता में हुआ है। हालांकि भारत के विदेश सचिव ने इससे इंकार किया है। इस पर कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा ने केंद्रीय नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा- क्यों भारत की साख को बट्टा लगाकर मिट्टी में मिला रहे हो मोदी जी?
गोविंद सिंह डोटासरा ने एक्स पर एक पोस्ट लिखी, इसमें डोनाल्ड ट्रंप द्वारा की गई पोस्ट का स्क्रीन शॉट था। इसके साथ ही कैप्शन में डोटासरा ने कई सवाल उठाते हुए केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा था। डोटासरा ने लिखा- क्यों भारत की साख को बट्टा लगाकर मिट्टी में मिला रहे हो मोदी जी? कश्मीर पर कैसी मध्यस्थता.. और अमेरिका होता कौन है ये कहने वाला?
डोटासरा ने लिखा- कश्मीर भारत का अभिन्न अंग था, है और रहेगा। हमनें कश्मीर पर आज तक किसी को मध्यस्थता नहीं करने दी और न ही आगे अतंर्राष्ट्रीय दखल मंजूर करेंगे। बात PoK लेने की है.. साफ और स्पष्ट। मध्यस्थता को लेकर भारत के विदेश सचिव और आईबी मंत्रालय ने साफ किया है कि भारत-पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष विराम का फैसला दोनों देशों के बीच हुई बातचीत के बाद लिया गया है। इसमें किसी भी तीसरे देश का कोई रोल नहीं है।
मगर ट्रंप के जिस पोस्ट का एक हिस्सा डोटासरा ने शेयर किया, उसके मुताबिक- मैं(डोनाल्ड ट्रंप) आप दोनों (भारत-पाक) के साथ मिलकर यह देखने के लिए काम करूंगा कि क्या हजार साल के बाद कश्मीर के संबंध में कोई समाधान निकाला जा सकता है। इसमें यह भी कहा गया है कि वर्तमान आक्रमण को रोकने का समय आ गया है, जो इतने सारे लोगों की मौत और तबाही का कारण बन सकता था। मुझे गर्व है कि अमेरिका आपको इस ऐतिहासिक और वीरतापूर्ण निर्णय पर पहुंचने में मदद करने में सक्षम था।