राजस्थान में आज से दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर, चिलचिलाती गर्मी से राहत की उम्मीद; 30 मार्च तक का हाल
Rajasthan Weather: पश्चिमी विक्षोभ के असर से आने वाले दिनों में राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में आगामी एक हफ्ते के दौरान मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा।

Rajasthan Weather: पश्चिमी विक्षोभ के असर से आने वाले दिनों में राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में आगामी एक हफ्ते के दौरान मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। हालांकि, एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 25-26 मार्च को पश्चिमी राजस्थान की सीमावर्ती क्षेत्रों में 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अपेक्षाकृत तेज हवाएं चलने तथा आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम केंद्र के अनुसार आगामी 48 घंटे के दौरान तापमान में कोई खास बदलाव नहीं आएगा। उत्तरी हवाओं के प्रभाव से तापमान में दो-तीन डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।
सबसे ज्यादा गर्म रहा बाड़मेर
सोमवार को बाड़मेर जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां तापमान 41.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं बारह में सबसे कम 11.7 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। जैसलमेर में भी पारा 40 डिग्री के ऊपर दर्ज किया गया। राज्य के ज्यादातर जिलों में 36 डिग्री या इसके आसपास तापमान रहा। राजधानी जयपुर में भी गर्मी का असर दिखने लगा है। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 36.9 और न्यूनतम 19.4 रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा अजमेर में 37.8, अलवर में 37.2, सीकर में 36, कोटा में 37.3 डिग्री तापमान रहा।
पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले हफ्ते में राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। आज और कल पश्चिमी विक्षोभ का हल्का असर दिख सकता है। इसका सबसे ज्यादा प्रभाव पश्चिमी राजस्थान में दिखाई देगा। विक्षोभ के प्रभाव से सीमावर्ती क्षेत्रों में तेज हवा के साथ ही आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। दो दिन बाद तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
राज्य में 28 मार्च तक बारिश होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 30 मार्च तक बारिश की संभावना से इनकार किया है। इस पूरे हफ्ते मौसम शुष्क बना रह सकता है। जयपुर में मौसम साफ रहने के आसार हैं।