खेत में नील गाय आने के बाद 2 पक्षों में पत्थरबाजी और फायरिंग, कई घायल; कुछ की हालत नाजुक
अलवर में खेत में गाय घुसने के बाद दो पक्षों आमने सामने आ गए। दोनों गुटों के बीच जमकर पत्थरबाजी और फायरिंग देखी गई। इसमें करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए।

अलवर में खेत में नील गाय घुसने के बाद दो पक्षों एक दूसरे से ऐसे उलझे कि दोनों ओर से जमकर पथराव देखा गया। पत्थरबाजी और फायरिंग में दोनों तरफ के करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए हैं। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जाती है। घायलों का इलाज अलवर के जिला अस्पताल में चल रहा है। मामले की सूचना लगते ही गोविंदगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची।
हेड कांस्टेबल तेजराम ने बताया कि रविवार की शाम को फोन पर सूचना मिली कि क्षेत्र के एक गांव में दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया है। पुलिस को बताया गया कि हिंसा में कई लोग घायल हो गए हैं। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि करीब एक दर्जन लोग मारपीट और गोलीबारी में घायल हुए हैं। कुछ लोगों को गोलियों के छर्रे भी लगे थे। इनमें कुछ की हालत गंभीर होने पर उनको अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गांव के साहब्दीन और जुबेर में काफी दिनों से पुराना विवाद चल रहा था। इसी बीच रविवार को एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर खेत में नील गाय हांकने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठियां चलीं। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक बंदूक से फायरिंग करता नजर आ रहा है।
गोलीबारी में कई लोगों को बंदूक के छर्रे लगे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बता दें कि अलवर में इस तरह के मामले लगातार सामने आते रहे हैं। अलवर जिला हरियाणा से जुड़ा है और दिल्ली से भी नजदीक है। इस वज से यहां जमीनों की कीमतें काफी ज्यादा हैं। पुलिस का कहना है कि अलवर में जमीन विवाद के मामले अक्सर सामने आते हैं। इसकी वजह से आए दिन लड़ाई झगड़े की खबरें मिलती हैं।