Hindi Newsराजस्थान न्यूज़Girl Abducted from up 8 months ago rescued after online post

8 महीने पहले UP से हुई किडनैप, राजस्थान में मिली, एक ऑनलाइन पोस्ट से कैसे बची लड़की की जान

  • 11वीं की उस छात्रा का अपहरण करने के बाद उसे एक शहर दूसरे शहर ले जाया गया। हफ्तों तक उसका शारीरिक शोषण किया गया, रेप किया गया। एक शख्स से दूसरे शख्स को बेचा गया और ये सिलसिला तब तक चलता रहा जब तक वह अपने घर से 650 किलोमीटर दूर राजस्थान के अजमेर नहीं पहुंच गई।

Aditi Sharma लाइव हिन्दुस्तान, अजमेरSat, 15 Feb 2025 09:35 PM
share Share
Follow Us on
8 महीने पहले UP से हुई किडनैप, राजस्थान में मिली, एक ऑनलाइन पोस्ट से कैसे बची लड़की की जान

18 मई 2024। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में रहने वाली 17 साल की लड़की ने सोचा भी नहीं होगा कि इस दिन के बाद से उसकी पूरी जिंदगी बदल जाएगी। उसे इस कदर दर्द का सामना करना पड़ेगा जिसकी उसने कल्पना नहीं की होगी। यह वही दिन था जब वह कोचिंग जाने के लिए घर से निकली और तभी किसी पहचान वाले ने अपहरण कर लिया। इसके बाद लगातार 8 महीने तक वह दर्द झेलती रही। 11वीं की उस छात्रा का अपहरण करने के बाद उसे एक शहर दूसरे शहर ले जाया गया। हफ्तों तक उसका शारीरिक शोषण किया गया, रेप किया गया। एक शख्स से दूसरे शख्स को बेचा गया और ये सिलसिला तब तक चलता रहा जब तक वह अपने घर से 650 किलोमीटर दूर राजस्थान के अजमेर नहीं पहुंच गई। इसके बाद कुछ ऐसा हुआ जो चमत्कार से कम नहीं था। लड़की इस दलदल से बाहर आ गई वो भी एक सोशल मीडिया पोस्ट की वजह से।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान के विष्णु माली नाम का एक शख्स अपने लिए एक दल्हन ढूंढ रहा था। इसी दौरान उसने पीड़िता को साढ़े तीन लाख रुपए में खरीद लिया। इसके बाद अपनी शादी के ख्याल से वह इतना खुश हो गया कि लड़की के साथ सोशल मीडिया पर अपनी एक के बाद एक कई तस्वीरें पोस्ट कर दीं। यह पोस्ट मैनपुरी तक पहुंच गई जहां एक शख्स ने लड़की को पहचान लिया। इसके तुरंत बाद पुलिस हरकत में आ गई और राजस्थान पुलिस ने माली को पकड़ लिया। पीड़िता को आरोपियों से छुड़ाकर वापस मैनपुरी लाया गया है।

रिपोर्ट के मताबिक पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया एकाउंट को स्कैन करने समेत कई चीजों की जांच करने के बाद माली तक पहुंच पाए। इस दौरान यह भी पता चला कि नीरज नाम के एक व्यक्ति ने लड़की को अजमेर में माली को सौंप दिया था। व्यक्तियों पर पोक्सो अधिनियम के साथ-साथ बलात्कार, अपहरण, मानव तस्करी की बीएनएस धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अपने बयान में पीड़ित लड़की ने बताया कि पड़ोस के गांव में रहने वाले नीरज ने पहले उसका अपहरण किया था। वहां से उसे इटावा ले जाया गया जहां उसे नशीली चीज दी गई, बलात्कार किया गया और आगरा में रवि और बॉबी को बेच दिया गया। पीड़िता ने कहा, यह नरक जैसा था। मुझे एहसास हो गया कि मैं गलत हाथों में पड़ गई थी। बाद में दोनों मुझे अवैध रूप से अजमेर ले गए, जहां मुझे एक स्थानीय आशा जैन ने बेच दिया। आशा ने फिर विष्णु माली से जबरन शादी की तैयारी कर दी।

अगला लेखऐप पर पढ़ें